कौशाम्बी,
डीएम ने गोल्डेन कार्ड बनाये जाने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत सहायकों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित,
यूपी के कौशाम्बी डीएम सुजीत कुमार ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित सम्राट उदयन सभागार में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम सब लोग वृक्ष के महत्व के बारे में भली-भॉति जानते हैं, पेड़-पौधों के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकतीं। हमारे जीवन के लिए धरातल पर अधिक से अधिक पेड़-पौधों का होना अत्यन्त आवश्यक है। वह प्रत्येक तत्व, जिसका उपयोग हम जीवित रहने के लिए करते हैं, वह सभी पर्यावरण के अन्तर्गत आते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारा पर्यावरण धरती पर स्वस्थ्य जीवन को अस्तित्व में रखने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सुरक्षित जीवन के लिए धरातल पर मानक के अनुसार 33 प्रतिशत वन आच्छादित होना चाहिए, जबकि हमारे देश के भौगोलिक क्षेत्र के लगभग 23 प्रतिशत भाग ही वन आच्छादित है एवं उ0प्र0 के भौगोलिक क्षेत्र के लगभग 09 प्रतिशत भाग ही वन आच्छादित है। केन्द्र व प्रदेश सरकार के विशेष प्रयास से वनावरण विगत वर्षों से लगातार बढ़ रहा हैं।
डीएम ने सभी से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण करें। हम सभी को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसका संरक्षण करना चाहिए। हम सभी को पर्यावरण संरक्षण के अनुरूप जीवन शैली अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सब अपने दिनचर्या में बदलाव लाकर पर्यावरण का संरक्षण कर सकतें है यथा-कागज को अनावश्यक नष्ट न करें, नदी तालाब को गन्दा न करें एवं जब आवश्यक न हो तो विद्युत उपकरणों को बन्द रखें आदि।
कार्यक्रम में धर्मा देवी इंटर कॉलेज के छात्र-श्री राजा पाण्डेय, श्री अनुराग एवं श्री आलोक त्रिपाठी व छात्रा-तान्या सिंह ने पर्यावरण विषय पर अपने सम्बोधन के माध्यम से जीवन में पेड़-पौधों की महत्ता व संरक्षण पर प्रकाश डाला तथा आमजन को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।
तत्पश्चात डीएम एवं सीडीओ ने आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डेन कार्ड बनाये जाने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रत्येक विकास खण्ड के 03-03 पंचायत सहायकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेण्टों देकर सम्मानित किया।








