कौशाम्बी,
किसान कल्याण केन्द्र मंझनपुर में किसान दिवस का आयोजन कर दी गई कृषि सम्बन्धित जानकारी,
यूपी के कौशाम्बी उप कृषि निदेशक सतेन्द्र तिवारी की अध्यक्षता में किसान कल्याण केन्द्र, मंझनपुर में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसान दिवस में उप कृषि निदेशक ने कृषकों को फसल अपशिष्ट जलाने से रोकने एवं डी-कम्पोजर की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने फसल अवशेष जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में किसानी को जानकारी दी।
इस अवसर पर डॉ0 अजय कुमार द्वारा किसानों से खेती-बाड़ी पर संवाद स्थापित किया गया। इनके द्वारा किसानों को संतुलित मात्रा में उर्वरको के प्रयोग की जानकारी दी गयी एवं गेहूँ बीज की बुआई की तकनीकी जानकारी प्रदान की गयी। उन्होंने किसानों को बताया कि नीम ऑयल का उपयोग कीटनाशक के रूप में किया जाय।
उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 बाल कृष्ण ने पशुओं का टीकाकरण समय से कराने एवं उनके आहार के बारे में किसानों को जागरूक किया। किसान दिवस आयोजन में उनकी समस्याओं को सुनते हुए सम्बन्धित विभाग के उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा समस्या का समाधान बताया गया। जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा बताया गया कि धान की खरीद से सम्बन्धित किसान ऐप में स्वयं पंजीकरण करके धान की बिक्री कर सकतें हैं। धान खरीद में 35 प्रतिशत तक हाइब्रिड धान की खरीददारी होगी।
इस अवसर पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी इन्द्रजीत यादव, उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी सिराथू अभयराज गुप्ता एवं कृषि विज्ञान केन्द्र महगाँव से आये हुए वैज्ञानिक डॉ0 अजय कुमार तथा विभिन्न विकास खण्डों से आये।किसान भाई उपस्थित रहें।