सकिपा अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से धान क्रय केंद्रों एवं मंडियों में धान बिक्री घोटाले की जांच की उठाई मांग

कौशाम्बी: सकिपा अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से धान क्रय केंद्रों एवं मंडियों में धान बिक्री घोटाले की जांच की उठाई मांग,

यूपी के कौशाम्बी जिले में समर्थ किसान पार्टी के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी सोमवार को सिराथू ब्लॉक के सीमावर्ती गांवों जुवरा, नारा, मानपुरगौरा, महंदापुर आदि का भ्रमण किया और किसानो से भेंट की।

इस अवसर पर किसानो ने क्रय केंद्रों एवं मंडियों मे धान बिक्री को लेकर अजय सोनी से शिकायत की। किसानो का कहना है कि क्रय केंद्रों पर किसानो के साथ धोखा और अन्याय किया गया है। बताया कि किसानो के धान खरीदी की तुलना में व्यापारियों से ज्यादा धान क्रय किया गया है।

बताया कि किसानो से व्यापारी औने पौने दामों पर धान क्रय करके क्रय केंद्र प्रभारी एवं मंडी के मालिकों से साठ गांठ करके बेंचते थे जो अभी भी जारी है। क्रय केंद्र प्रभारी भी किसानो से ज्यादा व्यापारियों से आसानी से धान क्रय कर लेते थे जबकि किसानो के धान बिक्री में उन्हे हफ्तों दौड़ाते थे। अगर मंडी मालिकों और क्रय केंद्र प्रभारियों के यहां हुई तौल की स्थलीय निगरानी कराई जाए तो 20- 25- 30 किमी दूर के किसानो के नाम भुगतान किया हुआ मिलेगा जबकि उन्ही किसानो के पास के क्रय केंद्रों पर उनका धान नही खरीदा गया।

इस संबंध में अजय सोनी ने किसानो से वार्ता करते हुए कहा कि धान बिकी मे किसानो के साथ निश्चित ही अन्याय हुआ है। अगर किसानो के बजाय व्यापारियों से अधिक धान खरीद हुई तो यह किसानो के साथ धोखा है। ऐसे में किसानो की आय कैसे दुगुनी होगी। आगे कहा कि इतने बड़े पैमाने पर हुए गोरखधंधे में अब तक कोई कार्यवाही क्यों नहीं की गई। किसी केंद्र प्रभारी अथवा मंडी मालिक पर अब तक कानूनी कार्यवाही क्यों नही कराई गई। इससे साफ जाहिर होता है कि विभागीय बड़े अधिकारियों को किसानो के बजाय व्यापारियों से धान क्रय में अधिक दिलचस्पी है।

इसी के साथ अजय सोनी ने कहा कि जल्द ही इस मुद्दे को जिला प्रशासन को लिखित मांगपत्र देकर उठाया जाएगा। साथ ही मंडलायुक्त प्रयागराज से मिलकर इस मामले की जमीनी छानबीन कराए जाने की मांग की जायेगी। समुचित कार्यवाही नहीं होने पर सकिपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को विवश होंगे।

इस अवसर पर मुन्नालाल तिवारी, शिवशंकर दुबे, शिवसिंह, मुन्ना सिंह, शिवम पांडेय, जुम्मन अली आदि मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor