कौशाम्बी: राज्य महिला आयोग सदस्य ने की महिला जनसुनवाई,12 शिकायतों का मौके पर किया गया निस्तारण,
यूपी के कौशाम्बी जिले में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने बुधवार को मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में महिला जनसुनवाई कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभागीय योजनाओं एवं शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, पेंशन, आवास, हैंडपंप, शौचालय, विद्युत, राशन कार्ड सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 31 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागवार संचालित योजनाओं तथा विगत तीन माह में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए एवं पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, चक नगर मंझनपुर एवं वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया और गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया।
उन्होंने जिला कारागार का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य एवं रहन-सहन की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके पश्चात विकास खंड सिराथू परिसर में आयोजित जागरूकता चौपाल में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। चौपाल में स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, बाल विकास एवं पुषाहार विभाग तथा महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। साथ ही पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्यवाही भी की गई।








