महात्मा ज्योतिबा फुले राजकीय पॉलिटेक्निक के 84 प्रतिशत अभ्यर्थियों का हुआ प्लेसमेंट,प्रतिष्ठित कंपनियों में मिली नौकरी

कौशाम्बी: महात्मा ज्योतिबा फुले राजकीय पॉलिटेक्निक के 84 प्रतिशत अभ्यर्थियों का हुआ प्लेसमेंट,प्रतिष्ठित कंपनियों में मिली नौकरी,

यूपी के कौशाम्बी जिले में महात्मा ज्योतिबा फुले राजकीय पॉलिटेक्निक टेवा में सत्र 2025-26 की सेवायोजन (प्लेसमेंट) वार्षिक रिपोर्ट बुधवार को प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट में संस्थान की प्लेसमेंट संबंधी उपलब्धियों, प्रमुख गतिविधियों और आगामी योजनाओं का विवरण साझा किया गया।

संस्थान के प्रधानाचार्य सुजीत कुमार सिंह ने बताया कि इस सत्र में विभिन्न शाखाओं के छात्र-छात्राओं का देश की प्रतिष्ठित निजी कंपनियों में चयन हुआ है। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 57 विद्यार्थियों में से 52,इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के 22 में से 19 तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के 44 में से 32 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को 2.40 लाख से 2.60 लाख रुपये वार्षिक के पैकेज पर नियुक्ति मिली है।

संस्थान के सेवायोजन अधिकारी डॉ. यमुनाधर द्विवेदी एवं शशांक सिंह ने बताया कि इस वर्ष विद्यार्थियों का चयन टाटा कमिंस लिमिटेड (पुणे), टाटा मोटर्स (नोएडा), फ्लैश इलेक्ट्रॉनिक्स (पुणे) तथा डिक्सन इंडिया लिमिटेड (नोएडा) जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। सभी चयनित छात्र-छात्राओं ने संबंधित कंपनियों में अपनी नियुक्ति भी ग्रहण कर ली है।

उन्होंने बताया कि सत्र 2025-26 में संस्थान का कुल प्लेसमेंट प्रतिशत लगभग 84 प्रतिशत रहा, जो संस्थान की गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण का प्रमाण है।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुजीत कुमार सिंह, सेवायोजन अधिकारी डॉ. यमुनाधर द्विवेदी,शशांक सिंह सहित संस्थान के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor