डीएम ने की नगर-निकायों के निर्माण कार्यों एवं डूडा के कार्यों की समीक्षा,नगर पालिका भरवारी सहित कई नगर पंचायतों में कार्य अधूरे होने पर जताई नाराजगी

कौशाम्बी: डीएम ने की नगर-निकायों के निर्माण कार्यों एवं डूडा के कार्यों की समीक्षा,नगर पालिका भरवारी सहित कई नगर पंचायतों में कार्य अधूरे होने पर जताई नाराजगी,

यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने शुक्रवार को कार्यालय कक्ष में सभी नगर-निकायों के निर्माण कार्यों एवं डूडा के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

डीएम ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अन्तर्गत नगर-निकायों में कराए जा रहे कार्यों की निकायवार समीक्षा के दौरान नगर पालिका परिषद भरवारी एवं नगर पंचायत दारानगर, चरवा, पश्चिम शरीरा तथा अजुहा में कार्य लंबित/अनारम्भ पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए सम्बन्धित अधिशासी अधिकारियों को सभी कार्य सितम्बर माह तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने 15वें वित्त आयोग, वंदन योजना, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, पेयजल व्यवस्था तथा सीवरेज एवं जल निकासी योजना आदि के अन्तर्गत कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा के दौरान अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण कराए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण करने तथा नियमित रूप से मौके पर भ्रमण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

डीएम ने नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अन्तर्गत निर्माणाधीन कान्हा गौशाला के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिशासी अधिकारी को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने नगर निकायों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था निरन्तर सुनिश्चित बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पीएम सूर्य घर योजना में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

डीएम ने परिषदीय विद्यालयों में कराए जा रहे आधारभूत कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराए जाएं तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने नगर पंचायत पश्चिम शरीरा, दारानगर एवं चायल में निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान ओवरहेड टैंक निर्माण एवं पाइपलाइन बिछाने सहित अन्य कार्यों में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए सहायक अभियंता, जल निगम (नगरीय) को कार्यों में तेजी लाते हुए परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में एडीएम शालिनी प्रभाकर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor