कौशाम्बी: आदर्श जूनियर हाईस्कूल में चला ABVP का वृहद सदस्यता अभियान,बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने ग्रहण की सदस्यता,
यूपी के कौशाम्बी जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कौशाम्बी द्वारा सत्र 2026-27 के सदस्यता अभियान के अंतर्गत आज आदर्श जूनियर हाईस्कूल पश्चिम शरीरा में सदस्यता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यालय के अनेक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सदस्यता ग्रहण कर राष्ट्र निर्माण, छात्र हित एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प के साथ संगठन से जुड़ने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को परिषद के उद्देश्य, कार्यपद्धति एवं राष्ट्रहित में किए जा रहे विभिन्न आयामों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि अभाविप केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभक्ति के संस्कारों का सशक्त मंच है।
जिला सदस्यता प्रमुख गौरव मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि, “अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का सदस्यता अभियान केवल संगठन विस्तार का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पित, जागरूक और उत्तरदायी छात्र शक्ति के निर्माण का अभियान है। परिषद विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय हितों के लिए निरंतर कार्य करती रही है।
उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि आज परिषद से जुड़े प्रत्येक विद्यार्थी समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए एक सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अधिक से अधिक विद्यार्थियों को परिषद से जुड़कर अपने व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्र सेवा के इस महाअभियान का हिस्सा बनना चाहिए।”
वहीं नगर मंत्री आदित्य ने कहा कि, “विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रों की समस्याओं के समाधान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्रीय चेतना के लिए कार्य करती है। परिषद का प्रत्येक सदस्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनता है। आज आदर्श जूनियर हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने जिस उत्साह के साथ सदस्यता ग्रहण की है, वह यह दर्शाता है कि युवाओं में राष्ट्र सेवा और छात्र हित के प्रति जागरूकता निरंतर बढ़ रही है। आगामी दिनों में भी सदस्यता अभियान जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने सदस्यता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। परिषद कार्यकर्ताओं ने सभी नवसदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की आगामी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।








