रुपयों के लेनदेन में हुई थी शकील की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा,आरोपी अरेस्ट

कौशाम्बी: रुपयों के लेनदेन में हुई थी शकील की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा,आरोपी अरेस्ट,

यूपी के कौशाम्बी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के समदा गांव में राम वनगमन मार्ग के किनारे निर्माणाधीन मकान में हुई शकील हसन की हत्या का पुलिस ने महज कुछ दिनों में सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी मोहम्मद कदीम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी ग्राम समदा, थाना मंझनपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, सिर पर प्रहार में इस्तेमाल की गई ईंट, मृतक के टूटे मोबाइल के पार्ट, पर्स सहित अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की सुबह करीब आठ बजे मंझनपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि समदा क्षेत्र में राम वनगमन मार्ग के किनारे निर्माणाधीन मकान में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां चारपाई पर शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान शकील हसन के रूप में हुई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि शकील 24 अगस्त की रात करीब नौ बजे अपने भाई की दवा लेने मंझनपुर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। फोन करने पर मोबाइल स्विच ऑफ मिला, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सत्यनारायण ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना के शीघ्र अनावरण के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया। फील्ड यूनिट एवं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में 28 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोहम्मद कदीम को भडेसर रोड से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका शकील अहमद उर्फ राशिद से पैसों का लेनदेन था। उसके अनुसार उसने शकील से करीब 1.10 लाख रुपये ब्याज पर उधार लिए थे, जिसकी ब्याज सहित करीब 2.75 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। पैसे लौटाने में असमर्थ होने के कारण आरोपी ने कथित तौर पर शकील की हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 24 अगस्त की रात शकील को पैसे देने के बहाने धनश्यामपुर चौराहे के पास बुलाया। इसके बाद दोनों राम वनगमन मार्ग के नीचे स्थित निर्माणाधीन मकान में पहुंचे, जहां आरोपी ने कथित रूप से वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना को अलग रूप देने के लिए घटनास्थल पर कुछ आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामान रखने की बात भी बताई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना से संबंधित सामान बरामद किया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के बाद पुलिस टीम की कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor