भाजपा जिला कार्यालय में संगठनात्मक बैठक के उपरांत मनौरी की घटना में हताहत लोगों की आत्मा की शांति हेतु मौन रखकर की गई प्रार्थना

कौशाम्बी: भाजपा जिला कार्यालय में संगठनात्मक बैठक के उपरांत मनौरी की घटना में हताहत लोगों की आत्मा की शांति हेतु मौन रखकर की गई प्रार्थना,

यूपी के कौशाम्बी जिले में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय मंझनपुर में मण्डल कार्यसमिति सत्यापन एवं प्रवास योजना को लेकर आयोजित कार्यशाला के उपरांत मनौरी में हुए हृदय विदारक घटना में असमय काल कवलित हुए मृतकों की आत्मा की शांति हेतु प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल,जिला प्रभारी अवधेश चंद्र गुप्ता,जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य सहित पार्टी कार्यकताओं ने दो मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने मण्डल कार्यसमिति सत्यापन एवं प्रवास योजना को संबोधित करते हुए कहा कि सत्यापन के अंतर्गत मण्डल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी,कार्यसमिति सदस्य,शक्तिकेंद्र संयोजक, सभी लोग यह सुनिश्चित करेंगे कि कार्यकर्ता अपने-अपने दायित्वों का सक्रियता से निर्वहन कर रहे हैं या नहीं।प्रवास के अंतर्गत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी या संगठन द्वारा निर्धारित प्रभारी संबंधित मण्डल में पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और संवाद करेंगे संगठन की गतिविधियों,बूथ की स्थिति,आगामी कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर चर्चा करेंगे।

तदोपरांत कहा कि मनौरी में अभी हाल ही में हुआ भीषण बारूद विस्फोट अत्यंत हृदय विदारक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस हादसे में जिन निर्दोष लोगों ने अपनी जान गंवाई,उनके परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।जनपद में यदि कहीं भी अवैध रूप से बारूद का निर्माण,भंडारण या कारोबार हो रहा है,तो उसके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मैं प्रशासन से स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मनौरी की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और जनहानि के लिए जिम्मेदार प्रत्येक व्यक्ति को चिन्हित कर उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही,मिलीभगत अथवा नियमों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।साथ ही,कौशाम्बी में संचालित सभी पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री से संबंधित प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच कराई जाए। जहां भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिले,वहां तत्काल कार्रवाई की जाए,ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसी असहनीय पीड़ा से न गुजरना पड़े।मैं इस दुखद घटना में दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी,जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार शीलू पाण्डेय,भोलेशंकर कुशवाहा,भूपेंद्र पटेल,चक्रेश मिश्रा,नितिन पासी,विनीता गुप्ता,कमलेश निषाद,जिला महामंत्री ज्योति केसरवानी,जिला मंत्री नरेंद्र पटेल,दिनेश पाण्डेय,फूलमती सरोज,बृजेश लोधी,भास्कर सिंह,अर्चना चौरसिया सहित सम्मानित पदाधिकारी,मण्डल अध्यक्ष,कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor