कौशाम्बी: पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में 50 हजार का इनामी आरोपी शकील पुलिस मुठभेड़ में अरेस्ट,अब तक सभी 6 आरोपी अरेस्ट,
यूपी के कौशाम्बी जियो के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त शकील को पुलिस मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में वांछित शकील कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर थाना मंझनपुर एवं एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किए। आरोपी की बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।घायल अभियुक्त को उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय मंझनपुर भेजा गया।
पुलिस के पूछताछ में आरोपी शकील ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अवैध पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री बनाने और भंडारण का काम करता था।








