कौशाम्बी,
सीएम योगी ने 87 करोड़ की 99 परियोजनाओं का किया शिलान्यास एवम लोकार्पण,
यूपी के कौशाम्बी में भाजपा सरकार की जनविश्वास यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। उन्होंने 87 करोड की 99 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। मंच संभालते ही वह मुख्य विपक्षी दल सपा पर हमलावर हो गए। उन्होंने कहा कि आप देख रहे होंगे जो लोग 5 साल पहले सत्ता से बाहर जनता के द्वारा कर दिए गए हैं। आज भी उनकी दीवारों से सैकड़ों करोड़ों रुपए के नोट निकल रहे हैं। भाइयों और बहनों यह नोट खेत में पैदा नहीं हुए हैं। आज प्रधानमंत्री मोदी जी और प्रदेश की सरकार गरीबों को जो फ्री में अन्न दे रही है। पहले यह अन्न का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था। आपके कौशांबी जनपद में लगभग 50 हजार परिवारों को एक-एक आवास मिला है। 2017 के पहले नहीं मिलता था, क्योंकि 2017 के पहले यही पैसा इन नेताओं की जेब में चला जाता था, जो आज इनकम टैक्स के द्वारा दीवारों से निकाला जा रहा है। यह आप देख रहे होंगे।

कोरोना काल आपने देखा होगा, कांग्रेस का पता नहीं था। भाई एवं बहन सीट से गायब थे। इटली में कहीं आनंद मना रहे होंगे, छुट्टी मना रहे थे। और बुआ आज तक नहीं आई होगी। बबुआ भी स्मार्टफोन पर खेल रहा होगा। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि बहुत सारे लोगों की आदत होती है कि बचपन की आदत नहीं जाती है। भाई और बहनों बबुआ की आदत अभी तक नहीं जाती है। अभी भी वही छोटे बच्चों वाला खेल खेलते रहते हैं अपने फोन पर। उनको जनता की परवाह नहीं है और कोरोना में तो कहीं थे ही नहीं। कोरोना में तो समाजवादी पार्टी कहीं दिखाई नहीं दी थी। भाइयों और बहनों कोरोना कालखंड में कांग्रेसी हो या सपा और बसपा। इनके नेताओं का अता पता नहीं था। या तो केंद्र सरकार या प्रदेश सरकार कार्य कर रही थी। हमारे जनप्रतिनिधि कार्य कर रहे थे। या फिर भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता उस समय लगा था। संगठन ही सेवा है सेवा ही संगठन है।









