कौशाम्बी,
धूप सेक रही महिला समेत तीन लोग दीवार के मलबे में दबे, महिला की मौत
कौशाम्बी ज़िले में कच्ची दीवार गिरने से उसके मलबे में दब कर महिला की मौत हो गयी। जबकि मृतका के दो नातियों की हालत गंभीर है। सूचना के बाद भी राजस्व का कोई भी अधिकारी मौके पर नही पहुचा। वही पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।

मंझनपुर तहसील अंतर्गत उरई अशरफपुर गाँव मे 55 वर्षीय चंद्रकली अपने नातियों अजय (7 वर्ष) व कृष्णा (3 वर्ष) के साथ कच्ची दीवार के नीचे बैठ कर धूप सेक रही थी। तभी अचानक दीवार भरभरा कर गिर गयी। जिसके मलबे में तीनों लोग दब गए। चीख़-पुकार सुनकर मौके पर पहुचे ग्रामीणों ने काफ़ी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से निकाल कर एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहा पर इलाज़ के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। जबकि मासूम बच्चों का इलाज़ चल रहा है। हादसे की जानकारी होने के बाद भी अभी तक राजस्व विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नही पहुचा। अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। आगे की कार्यवाही प्रचलित है।








