कौशाम्बी: बीज की दुकान में लगी भीषण आग, मशक्कत के बाद बुझाई गई आग,आग से लाखों का सामान जलकर राख,एक युवक झुलसा,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सोमवार की सुबह एक बीज भंडार की दुकान में भीषण आग लग गई। यह दुकान एक घर में संचालित थी। आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया, वहीं दुकान मालिक आग बुझाने के प्रयास में झुलस गया।
घटना सैनी कोतवाली क्षेत्र के अझुवा कस्बे की है जहा के निवासी चंद्राज उर्फ धीरू केसरवानी पुत्र बुद्ध केसरवानी ने अपने घर में ही बीज की दुकान खोल रखी थी। सोमवार सुबह लगभग 6 बजे जब धीरू उठे, तो उन्हें हल्का धुआं दिखाई दिया। देखते ही देखते धुएं ने विकराल रूप ले लिया और नीचे की पूरी दुकान में भीषण आग फैल गई।
आग लगने की सूचना पर घर में ऊपर रह रहे परिवार के सदस्यों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। आग बुझाने के दौरान धीरू केसरवानी के दोनों हाथ झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अब राजस्व विभाग के कर्मचारी नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।








