कौशाम्बी,
डीएम ने जल जीवन मिशन एवं सिंचाई विभाग के कार्यों की समीक्षा की,अधूरे कार्यों को मैन पावर बढ़ाकर पूरे करने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जल निगम ग्रामीण के जल जीवन मिशन के कार्यों एवं सिंचाई विभाग के बाढ़ एवं नहरों की टेलफीड के सम्बन्ध में अपने कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक की गई।
डीएम ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए उच्च जलाशय, पाइप लाइन, सड़क पुर्नस्थापना एवं नियमित जलापूर्ति की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की गई एवं सम्बन्धित सभी अधूरे कार्यों पर मैनपावर बढ़ाते हुये युद्ध स्तर पर पूर्ण कराने के निर्देश दिये। विकास खण्ड नेवादा एवं कौशाम्बी के उच्च जलाशयों की अत्यन्त धीमी प्रगति पायी गयी, जिसपर अतिरिक्त मैनपावर बढ़ाते हुये युद्ध स्तर पर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये। पेयजल योजनाओं पर नियमित जलापूर्ति चालू करने के भी निर्देश दिये गये।
सिंचाई विभाग की समीक्षा करते हुए डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जनपद में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। अधिशासी अभियन्ता, सिंचाई खण्ड कौशाम्बी जगदीश लाल, द्वारा बताया गया कि सहायक अभियन्ताओं एवं अवर अभियन्ताओं से नदी के किनारे अवस्थित 48 संवेदनशील ग्राम पंचायतों का निरीक्षण करा लिया गया है। बाढ की कोई संवेदनशील स्थिति नहीं पायी गयी है।
वर्तमान में जनपद से होकर बहने वाली गंगा एवं यमुना दोनों मुख्य नदियों में जल स्तर घट रहा है। वर्तमान में जनपद में बाढ की कोई स्थिति नहीं है। भविष्य में बाढ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारी कर ली गयी है। नहरों के टेलफीड के बारे में जानकारी लिए जाने पर बताया कि जनपद के समस्त 68 नहरों का टेलफीड करा दिया गया है। इस अवसर पर जल निगम ग्रामीण एवं सिंचाई विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।