एसपी ने थाना सैनी स्थित मिशन शक्ति केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण,दिए आवश्यक निर्देश 

कौशाम्बी,

एसपी ने थाना सैनी स्थित मिशन शक्ति केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण,दिए आवश्यक निर्देश,

यूपी के कौशाम्बी एसपी राजेश कुमार ने थाना सैनी स्थित मिशन शक्ति केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मिशन शक्ति केंद्र पर संचालित समस्त गतिविधियों का गहनता से अवलोकन किया। इसमें विशेष रूप से महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़ी सेवाओं, महिला हेल्पलाइन-1090, आपातकालीन सेवा-112, महिला डेस्क, वन स्टॉप सेंटर से संबंधित जानकारी ली तथा इनकी कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।

मिशन शक्ति केंद्र पर उपस्थित कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी, लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन, परामर्श (काउंसलिंग) कक्ष की कार्यवाही, पीड़ित महिला/बालिका को उपलब्ध कराई जा रही परामर्श सेवाओं एवं सहायता का निरीक्षण किया गया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण की स्थिति, जागरूकता कार्यक्रमों के अभिलेख तथा आने-जाने वाले लाभार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं को भी बारीकी से परखा।

एसपी ने ड्यूटी पर मौजूद पर मौजूद कर्मचारियों/पुलिसकर्मियों से केंद्र की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें मिशन शक्ति अभियान की मंशा के अनुरूप सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं परिणामपरक ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र पर आने वाली प्रत्येक पीड़िता अथवा लाभार्थी को सम्मानजनक, सुरक्षित एवं त्वरित सहायता प्रदान करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस अवसर पर एसपी ने महिला सुरक्षा, नारी सशक्तिकरण एवं बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं को समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुँचाने हेतु सभी कर्मचारियों को सक्रिय रूप से कार्य करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor