कौशाम्बी: प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा,अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश,
उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात एवं कौशाम्बी जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को मां शीतला अतिथि गृह सयांरा में विकास कार्यों की प्रगति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री ने डीएम डॉ अमित पाल से कहा कि जनपद में ऐसा औद्यगिक क्षेत्र विकसित किया जाय, जिसमें खाद्य प्रसंस्करण की इकाइयॉ स्थापित किया जाय। प्रगतिशील किसानों, एफ.पी.ओ., व्यापारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर, उन्हें खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध सुविधाओ की जानकारी देते हुए इकाइयों की स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया जाय, इससे जनपद में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने एएसपी राजेश कुमार सिंह से कहा कि जनपद में सड़क दुर्घटना बाहुल्य स्थल को चिन्हित कर, इसकी रोकथाम के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करा लिया जाय, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सकें। अवैध कट को बंद करा दिया जाय। उन्होंने नई सड़कों का निर्माण/चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता लो.नि.वि. से कहा कि प्राथमिकता के आधार पर सड़कों का निर्माण/चौड़ीकरण किया जाय तथा मा. जनप्रतिनिधियों से भी प्रस्ताव प्राप्त किया जाय। उन्होंने कहा कि जनपद में हाईटेक नर्सरी विकसित करने के लिए भूमि चिन्हित कर लिया जाय।
प्रभारी मंत्री ने जल-जीवन मिशन के कार्योंं की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता, जल निगम से कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य अन्तिम चरण में है, प्राथमिकता पर उन परियोजनाओं को पूर्ण कराया जाय। इसके साथ ही उन्होंने पाइप-लाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़कों को मानक के अनुरूप शीघ्र ठीक कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण के प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि समयबद्ध तरीके से राजस्व वादों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाय।
उन्होंने निराश्रित गोवंशों की समीक्षा के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से कहा कि आवारा घूम रहें गोवंशों को पकड़वाकर गौशालाओं में संरक्षित किया जाय। इसके साथ ही उन्होंने गौशालाओ के लिए चिन्हित चारागाहों में चारे की बुआई की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि आमजन को भी नैपियर घास की बुआई के लिए जागरूक किया जाय एवं गौशालाओं के लिए उनसे चारे की क्रय की कार्यवाही किया जाय। उन्होंने पशु टीकाकरण की समीक्षा के दौरान कहा कि विगत वर्ष किन-किन बीमारियों के कारण पशुओं की मृत्यु हुई है तथा इसकी रोकथाम के लिए क्या कार्यवाही की जा रहीं है/किया जाना आवश्यक है, आख्या उपलब्ध कराई जाय।
प्रभारी मंत्री ने मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा के दौरान जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से इस योजना के क्रियान्वयन की मॉनीटरिंग सिस्टम की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि बेहतर कार्ययोजना/सिस्टम बनाकर इसकी मॉनीटरिंग किया जाय, ताकि कोई शिकायत प्राप्त न होने पाए। उन्होंने पी.एम. कुसुम योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि सिंचाई क्षेत्र की आवश्यकता को दृष्टिगत रखकर लाभार्थियों का चयन किया जाय एवं पात्र लोगों को ही लाभान्वित किया जाय। उन्होंने कहा कि भविष्य में सिंचाई के लिए आवश्यक पानी का आंकलन करते हुए पम्प कैनाल की क्षमतावृद्धि की कार्यवाही किया जाय, ताकि किसानो को सिंचाई के लिए नहरों के माध्यम से पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि भूगर्भ जल रिचार्ज पर विशेष ध्यान देते हुए कार्ययोजना बनाई जाय, ताकि विकास खण्ड मूरतगंज एवं चायल डॉर्क जोन से बाहर आ सकें।
उन्होंने खाद की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान कहा कि विगत वर्षों में क्षेत्रवार खाद की खपत का आंकलन करा लिया जाय तथा भविष्य में उसी के अनुरूप उपलब्धता सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि इस योजना का और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग लाभान्वित हों सकें।
प्रभारी मंत्री में विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान विद्युत बिल सुधार से सम्बन्धित अधिक शिकायतें पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए अधीक्षण अभियंता से कहा कि इस पर विशेष ध्यान दिया जाय। निर्धारित समयावधि तक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किया जाय तथा निर्धारित समय में खराब ट्रान्सफार्मर को बदल दिया जाय। उन्होंने कहा कि पेंशन योजना से छूटे हुए सभी पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाय। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा कि अस्पतालो में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाएं रखी जाय। आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत आयुष्मान कार्ड बनाएं जाने में तेजी से प्रगति लाई जाय। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की समीक्षा के दौरान कहा कि ऐसे स्वयं सहायता समूह जिनके द्वारा अपने उद्यम/व्यवसाय में निरन्तर वृद्धि की जा रहीं है, इसकी विस्तृत आख्या उपलब्ध कराई जाय।
इस अवसर पर विधायक चायल पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, पूर्व विधायक शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मंझनपुर वीरेन्द्र फौजी, शिवमोहन मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि,डीएम डॉ. अमित पाल,सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी, एडीएम न्यायिक ओम प्रकाश एवं एएसपी राजेश कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।








