कौशाम्बी: डीएम ने की नगर-निकायों के निर्माण कार्यों एवं डूंडा के कार्यों की प्रगति की समीक्षा,ईओ भरवारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने व वेतन रोकने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने कार्यालय कक्ष में नगर पालिका परिषद/नगर पंचायतों के निर्माण कार्यों एवं डूंडा के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
डीएम ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अन्तर्गत नगर-निकायों में कराए जा रहें कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान नगर पालिका परिषद भरवारी में निर्माण कार्य लम्बित पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए अधिशासी अधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के साथ ही वेतन रोकने के निर्देश दिए।इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका परिषद भरवारी के अवर अभियंता को हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने एडीएम शालिनी प्रभाकर को नगर पालिका परिषद भरवारी के निर्माण कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी दारानगर, चरवा व पश्चिम शरीरा को निर्माण कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों में बाउण्ड्रीवाल, शौचालय एवं टाईलीकरण आदि कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाय तथा विद्यालयों में प्रतिदिन साफ-सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाय। नगर निकायों में साफ-सफाई के कार्यों की मॉनिटरिंग किया जाय।
डीएम ने 15वॉ वित्त आयोग, वंदन योजना, नगरोदय योजना तथा सीवरेज व जल निकासी योजना के अन्तर्गत निकायवार कराए जा रहें कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण कराई जाय। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्माण कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण करने एवं मौके पर भ्रमण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने डूडा के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान परियोजना अधिकारी आकाश सिंह से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत अधूरे आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करवाया जाय।
बैठक में एडीएम शालिनी प्रभाकर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।








