कौशाम्बी: डीएम ने की सीएम डैशबोर्ड की योजनाओं एवं इंडिकेटर्स की प्रगति की समीक्षा,फरवरी में रैंकिंग में BC और D श्रेणी आने पर जताई नाराजगी,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ.अमित पाल ने उदयन सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं/इंडिकेटर्स की प्रगति की समीक्षा की।
डीएम ने विभागवार समीक्षा के दौरान पीएम सूर्य घर योजना, स्वयं सहायता समूह, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, 15वां वित्त आयोग (पंचायत) एवं नई सड़कों का निर्माण आदि में फरवरी माह की रैंकिंग में श्रेणी “बी”,”सी” या “डी” प्राप्त होने पर कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रैंकिंग में सुधार लाते हुए श्रेणी “ए” प्राप्त किए जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति में श्रेणी “सी” प्राप्त होने पर कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभागीय योजनाओं/इंडिकेटर्स की प्रगति की नियमित अनुश्रवण करते हुए रैंकिंग में सुधार लाना सुनिश्चित करें।
बैठक में सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








