कौशाम्बी,
चुनाव आयोग की गाइड लाइन के अनुसार निष्पक्ष संपन्न कराया जाएगा निकाय चुनाव:चुनाव प्रेक्षक,
यूपी के कौशाम्बी जिले में निकाय चुनाव के प्रथम चरण में 4 मई को नगर निकाय चुनाव होना है। इसके लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने कमर कस ली है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जनपद में प्रेक्षक की भी नियुक्ति कर दी है। प्रेक्षक की निगरानी में सकुशल निकाय चुनाव संपन्न कराया जाएगा। निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारियां हो गई है।
मंझनपुर मुख्यालय के कलेक्ट्रेट स्थित सम्राट उदयन सभागार में प्रेक्षक अरविंद कुमार चौहान ने पत्रकारों के साथ वार्ता कर आयोग की गाइडलाइन के अनुसार निष्पक्ष चुनाव कराए जाने का निर्देश दिया है। कौशांबी की दो नगरपालिका एवं आठ नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के 144 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण भी लगातार कराया जा रहा है।
सिराथू तहसील क्षेत्र के अझुवा, दारानगर कड़ा धाम एवं सिराथू नगर पंचायत के लिए सयारा स्थित बाबू सिंह डिग्री कॉलेज से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। मतदान संपन्न होने के बाद बैलट बॉक्स को यहीं पर जमा भी किया जाएगा। चायल तहसील के नगर पालिका परिषद भरवारी, नगर पंचायत चरवा, सरायअकिल एवं चायल के लिए भरवारी स्थित बीएस मेहता डिग्री कॉलेज से पोलिंग पार्टियां रवाना होगी। मतदान शान्तिपूर्ण संपन्न कराने के बाद शाम को बैलट बॉक्स भी यही जमा होंगे। इसी तरह मंझनपुर तहसील क्षेत्र के पश्चिमसरीरा करारी एवं नगर पालिका परिषद मंझनपुर की पोलिंग पार्टियां ओसा स्थित एमवी कॉन्वेंट से रवाना होंगी। मतदान खत्म होने के बाद शाम को बैलट बॉक्स वापस इसी कॉलेज में जमा करना होगा।
13 मई को मतगणना भी इन्ही स्थानों पर होगी। निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए आईटीबीपी, पीएसी एवं सिविल पुलिस की टीम लगेगी। जिन कर्मचारियों की ड्यूटी मतदान में लगी है, उनका पोस्टल एवं बैलेट से मतदान भी कराया जा रहा है। संवेदन एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर पुलिस प्रशासन का कड़ा पहरा रहेगा।








