कौशाम्बी,
विहिप ने भरवारी में धर्म सभा कर हिंदुओ को संगठित करने पर दिया जोर,शोभायात्रा निकालकर जगाई हिंदुत्व की अलख,
यूपी के कौशाम्बी जिले में विहिप ने भरवारी कस्बे में धर्म सभा कर हिंदुओ को संगठित करने पर जोर दिया,वही भव्य शोभायात्रा निकालकर लोगो ने हिंदुत्व की अलख जगाई।
नगर पालिका परिषद भरवारी में बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने गौरा रोड़ स्थित बड़ी कुटी मंदिर प्रांगण में बने राम जानकी मंदिर में श्री हनुमान महोत्सव धर्मसभा व विशाल शोभायात्रा का कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय मार्ग दर्शक मंडल के सदस्य महा निर्वाणी अखाड़ा के महा मंडलेश्वर हरिहरानंद महाराज ने उपस्थित जन समूहों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज हमारे देश में हिन्दू जाग उठा है, पर अब हिन्दुओं को संगठित होना चाहिए, क्योंकि हिन्दू संगठित होगा तो हमारा राष्ट्र सुरक्षित होगा।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में बना राम मंदिर हिन्दुओं की सैकड़ों साल की तपस्या का फल है। कार्यक्रम में पूर्व आई जी रेंज प्रयागराज व अध्यक्ष विहिप काशी प्रांत कविन्द्र प्रताप सिंह ने भी हिन्दुओं के संगठित होने की चर्चा करते हुए उपस्थित जन समूहों को हनुमान जन्मोत्सव की बधाई दी।
हिन्दुओं महा सभा को सम्बोधित करते हुए विहिप के प्रांतीय सदस्य अविनाश बहादुर व मोहन जी ने भी कहा कि हमारा राष्ट्र एक हिन्दू राष्ट्र है और हमेशा से यहां सनातन धर्म सर्वोपरि रहा है। देश की रक्षा के लिए हम सब हिन्दुओं को संगठित होने की आवश्यकता है।
धर्मसभा के बाद देर शाम डीजे के साथ हनुमान उत्सव की शोभायात्रा निकाली गयी। जिसका भ्रमण नगर के प्रत्येक मोहल्ले में हुआ। भगवा रंग के झंडे के साथ निकले विहिप के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पूरे नगर में जय श्रीराम, जय हनुमान के नारे लगाये। नगर में विहिप के द्वारा निकाली गयी शोभायात्रा का जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया और जगह-जगह स्थानीय लोगों के द्वारा जलपान की भी व्यवस्था की गयी।
शोभायात्रा यात्रा में मुख्य रूप से विहिप के कार्यक्रम संयोजक विवेक जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष राम अभिलाष, गौरक्षा प्रमुख समर , जिला मंत्री नील मणि मिश्रा, अजय पांडे, अंशु वर्मा, सुनील केसरवानी, अनमोल केसरवानी, सभासद शानू कुशवाहा, दुर्गा वहिनी की राधा मौर्य, किन्नर समाज की महंत मुस्कान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।








