अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डायट मैदान में कार्यक्रम आयोजित कर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

कौशाम्बी,

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डायट मैदान में कार्यक्रम आयोजित कर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित,

यूपी के कौशाम्बी जिले के मंझनपुर डायट मैदान में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा कल्पना सोनकर ने मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं द्वीप प्रज्ज्वलन कर अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस का शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्षा कल्पना सोनकर ने डायट परिसर में उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि नारी सुरक्षा, नारी स्वावलम्बन एवं उनके आत्म सम्मान व सुरक्षा के साथ-साथ महिलाओं के उत्थान एवं उनके विकास के लिए केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ एवं कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाते हुए सराहनीय कार्य किया है। महिलायें किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है हर क्षेत्र में महिलाओं को सम्मान एवं स्थान दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार बैंक सखी के माध्यम से महिला समूहों को तेजी से बढ़ा रही है, जिसके माध्यम से महिलायें आत्म निर्भर एवं स्वावलम्बी बन रही हैं।

अध्यक्षा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं की समस्याओं के निस्तारण के लिए महिला हेल्प डेस्क की स्थापना प्रत्येक थानों में की है, जिसमें महिलायें अपनी समस्याओं का तत्काल निस्तारण करा सकती है। साथ ही साथ केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए प्रत्येक क्षेत्रों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी करती है।

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अध्यक्षा ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड)के अन्तर्गत लैपटाप हेतु अविका त्रिपाठी,खुशी त्रिपाठी, नैन्सी, लक्ष्मी मिश्रा को लैपटाप एवं शादी अनुदान हेतु खुशी पाण्डेय को एक लाख का चेक देकर सम्मानित किया। इसी प्रकार इण्टरमीडिएट में 14 ,हाईस्कूल में 10 मेधावी छात्राओं को डमी चेक देकर सम्मानित किया, अच्छा कार्य करने वाले अध्यापक एवं अध्यापिकायें, ऑगनबाडी कार्यकत्रिया व छात्र-छात्राओं को प्रसस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

राज्य महिला आयोग की सदस्या प्रतिभा कुशवाहा ने उपस्थित महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि महिलायें किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है, हर क्षेत्र में महिलायें अग्रसर है। कहा कि महिलायें हर चुनौती का सामना करते हुए अपने पथ पर अग्रसर होती है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, पूर्व विधायक लाल बहादुर, सीडीओ अजीत कुमार श्रीवास्तव,जिला विकास अधिकारी सुखराज बन्धु, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कमलेन्द्र कुशवाहा, जिला प्रोबेशन अधिकारी मंनत्सा बानो, डायट प्राचार्या निधि शुक्ला सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियो के साथ साथ काफी संख्या में महिलायें एवं छात्रायें उपस्थित रहीं।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor