मोदी सरकार के विकास के 11 साल पर प्रयागराज महापौर ने गिनाई मोदी सरकार उपलब्धियां,बताया कांग्रेस के शासनकाल से बेहतर रहे देश के 11 साल

कौशाम्बी,

मोदी सरकार के विकास के 11 साल पर प्रयागराज महापौर ने गिनाई मोदी सरकार उपलब्धियां,बताया कांग्रेस के शासनकाल से बेहतर रहे देश के 11 साल,

यूपी के कौशाम्बी जिले में नगर पालिका परिषद मंझनपुर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अलग पहचान बनाई है। विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने को महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश विकास के नए कीर्तिमान बना रहा है। हर क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। इस क्रम में उन्होंने 25 करोड़ गरीब लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का कार्य किया है,वही महिलाओं को अग्रसर रखने के लिए सरकार ने राशन कार्ड को महिलाओं के नाम से जारी करने और अब तो खेत की खतौनी भी महिलाओं के नाम से जारी करने का काम किया है। उन्होंने देश में संचालित तमाम योजनाओं का उल्लेख किया।

प्रयागराज महापौर गणेश केसरवानी ने केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को नगर पालिका परिषद मंझनपुर कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदर्शन आधारित राजनीति की नई कार्य संस्कृति विकसित की है।अब सरकार का अर्थ बदल गया है और वे रिफार्म, परफार्म व ट्रांसफार्म की भावना से संचालित हो रही हैं। जनसहभागिता शासन की आत्मा बन गई है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार की तमाम उपलब्धियों और ऐतिहासिक निर्णयों का ब्योरा भी मीडिया के समक्ष रखा।आपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान का विश्वभर में डंका बज रहा है। यह अभियान केवल सैन्य मिशन नहीं, बल्कि हमारे संकल्प, साहस व बदलते भारत की तस्वीर है। उन्होंने कहा कि 11 वर्ष का कालखंड हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण-संवर्द्धन के लिए भी महत्वपूर्ण रहा है।

विकास और नवाचार की दिशा में अनेक कार्य हो रहे हैं। मेक इन इंडिया की ताकत से निर्यात के क्षेत्र में भारत की भागीदारी तेजी से बढ़ी है।आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है। नारीशक्ति वंदन अधिनियम से लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में गरीबी हटाओ के नारे दिए जाते थे, लेकिन आज आंकड़े बताते हैं कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। आज भारत का गरीब सिर्फ आंकड़ों में नहीं है, बल्कि नीति निर्माण का केंद्र बन गया है।

इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य,प्रभारी अवधेश चंद्र गुप्ता,पूर्व सांसद विनोद सोनकर,नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी,पूर्व जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी,डिप्टी सीएम के पूर्व मीडिया प्रभारी भोलेशंकर कुशवाहा,भाजपा मीडिया प्रभारी ज्ञानेंद्र साहू सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor