कौशाम्बी,
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उ.प्र. अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग सदस्य ने नव चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र किया वितरित,
यूपी के कौशाम्बी जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, एवं सदस्य उ.प्र. अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग जितेन्द्र कुमार ने विकास भवन स्थित सरस हाल में आयोजित नवचयनित मुख्य सेविका नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य उ.प्र.अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग ने जनपद से नवचयनित 08 मुख्य सेविका-वर्षा सिंह, प्रियंका यादव, वंदना मिश्रा, प्रीति यादव, रितु, सुष्मिता सिंह, ज्योति मिश्रा एवं नीलम देवी को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवचयनित मुख्य सेविकाओं को हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की योजनाओं को धरातल पर उतारने में आप सब की अहम भूमिका है। आप लोग अपने दायित्वों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि मुख्य सेविकाएं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के बीच सेतु का कार्य करती हैं।
सदस्य उ.प्र.अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग जितेंद्र कुमार ने कहा कि आप लोगों को बड़े भाग्य से यह अवसर मिला है। यह नियुक्ति-पत्र नही, यह सम्मान पत्र है। अपने कार्य क्षेत्र में जाए तो कर्तव्य पथ पर रहें। अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें। व्यक्ति अपने अच्छे कार्यों से ही समाज में अपनी अलग पहचान बनाता है।
सीडीओ ने नव चयनित मुख्य सेविकाओं को बधाई देते हुए कहा कि जहां पर भी आपकी तैनाती हो, वहॉ पर अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन कर अपनी एक अलग पहचान बनाएं। कार्यक्रम का संचालन सी.डी.पी.ओ. सरसवा सतीश चंद्र ने किया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी/जिला कार्यक्रम अधिकारी शैलेन व्यास एवं सभी सी.डी.पी.ओ. एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री उपस्थित रहीं।