आत्मनिर्भर भारत अभियान गांधी के सपनों का प्रयास, भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता कर बताया अभियान का उद्देश्य

कौशाम्बी,

आत्मनिर्भर भारत अभियान गांधी के सपनों का प्रयास, भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता कर बताया अभियान का उद्देश्य,

यूपी के कौशाम्बी जिले में भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के तहत भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने एक प्रेस वार्ता की। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने अभियान के उद्देश्यों एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न को विस्तार से बताया।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान भारत को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत व स्वावलंबी बनाने की एक राष्ट्रीय पहल है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को आत्मनिर्भरता के संकल्प से जोड़ना, “हर घर स्वदेशी – घर-घर स्वदेशी” की भावना को सशक्त करना और “वोकल फॉर लोकल” का संदेश जन-जन तक पहुँचाना है।

धर्मराज मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मनिर्भर भारत अभियान वास्तव में महात्मा गांधी के सपनों को साकार करने का प्रयास है। गांधी जी ने भी स्वदेशी और स्वावलंबन के माध्यम से भारत को आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग दिखाया था। आज उसी दिशा में देश नई ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ केवल आर्थिक स्वतंत्रता नहीं, बल्कि एक ऐसी व्यवस्था से है जिसमें देश अपने संसाधनों, प्रतिभाओं और उद्योगों के बल पर वैश्विक स्तर पर अपनी आवश्यकताओं को स्वयं पूरा कर सके। यह अभियान स्थानीय उद्योगों, हस्तशिल्प, नवाचारों और उत्पादन को बढ़ावा देता है, जिससे युवाओं को रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिल सके।

उन्होंने यह भी बताया कि आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य केवल ‘निर्माण’ नहीं बल्कि ‘विश्व में भारत की पहचान को सशक्त बनाना’ है, ताकि देश हर क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके और किसी भी वैश्विक चुनौती का सामना कर सके।

इस अवसर पर जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक संजय जायसवाल, दीप चंद्र दिवाकर, जिला उपाध्यक्ष अरविंद द्विवेदी, जिला मंत्री शीलू पाण्डेय, नितिन पासी, दिनेश पाण्डेय और जिला मीडिया प्रभारी ज्ञानेन्द्र साहू सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor