कौशाम्बी: भवंस मेहता विद्याश्रम में इंटर के छात्रों की भावभीनी विदाई, मिस भवंस प्रतीक्षा सिंह व विशिष्ट गुप्ता चुने गए मास्टर भवंस,
यूपी के कौशाम्बी जिले के भवंस मेहता विद्याश्रम भरवारी में इंटरमीडिएट (कक्षा 12) में अध्ययनरत छात्रों के सम्मान में भव्य फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। इस समारोह का आयोजन कक्षा 11 के छात्रों द्वारा बड़े उत्साह और अनुशासन के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य मां सरस्वती के दीप प्रज्वलन तथा माल्यार्पण के बाद शुरू हुआ।इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक संदीप सक्सेना एवं कोषाध्यक्ष डॉ. प्रशांत अग्रवाल ने अपने संदेश के माध्यम से विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य बलैया गंगारबोइना ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी।उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता केवल किताबी ज्ञान से नहीं, बल्कि अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत से प्राप्त होती है। उन्होंने छात्रों द्वारा आगामी परीक्षा में शत प्रतिशत रिजल्ट लाने तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय का नाम रोशन करने तथा समाज के लिए एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
फेयरवेल समारोह के दौरान सभी कक्षा 12 के छात्रों को गिफ्ट एवं स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) प्रदान किए गए। इसके पश्चात केक काटा गया और विद्यार्थियों ने खुशी और उत्साह के साथ इस अवसर को मनाया। छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसमें गीत, नृत्य और अन्य मनोरंजक कार्यक्रम शामिल रहे, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया।
कार्यक्रम के दौरान मिस बीएमवी प्रतीक्षा सिंह एवं मास्टर बीएमवी विशिष्ट गुप्ता का चयन किया गया, जिन्हें विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया।पूरे समारोह का आयोजन कक्षा 11 के छात्रों द्वारा किया गया, जो अत्यंत सफल और यादगार रहा। अंत में सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने कक्षा 12 के छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य बलैया गंगारबोइना,उप-प्रधानाचार्य सुधाकर सिंह, स्कूल कॉर्डिनेटर नसीम अंसारी सहित विद्यालय के सभी सम्मानित अध्यापक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।








