कौशाम्बी: भवन्स मेहता प्लेवे स्कूल भरवारी का भव्य उद्घाटन,बाल मेला रहा मुख्य आकर्षण,
यूपी के कौशाम्बी जिले के भवन्स मेहता विद्यालय परिसर में भवन्स प्लेवे स्कूल का भव्य उद्घाटन समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में सोमवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव कैलाश केसरवानी, भवन्स मेहता विद्याश्रम भरवारी के निदेशक एवं प्रयागराज हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप सक्सेना, सपा जिला महासचिव गुलाम हुसैन तथा भवन्स मेहता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रबोध श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
मुख्य अतिथि कैलाश केसरवानी, गुलाम हुसैन तथा प्राचार्य प्रबोध श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि वे स्वयं सहित मंचासीन कई अतिथि भवन्स मेहता के पूर्व छात्र रहे हैं। आज उसी संस्था के अंतर्गत नन्हे बच्चों के लिए प्लेवे स्कूल का उद्घाटन करना उनके लिए अत्यंत गर्व और भावुकता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगा।
उद्घाटन के उपरांत सभी अतिथियों ने विद्यालय की कक्षाओं में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया तथा प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई अपने बच्चों को संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना चाहता है, तो भवन्स संस्था उन्हें कभी निराश नहीं करेगी इसका उन्हें पूर्ण विश्वास है।
समारोह के दौरान शिक्षकों द्वारा आयोजित बाल मेला कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बाल मेले में बच्चों के लिए विभिन्न खेल, रचनात्मक गतिविधियाँ एवं मनोरंजन की आकर्षक व्यवस्थाएँ की गई थीं, जिसे अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक संदीप सक्सेना एवं प्रधानाचार्य बलैया गंगाराबोयिना ने बताया कि प्लेवे स्कूल में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आधुनिक शिक्षण सुविधाएँ, सुरक्षित वातावरण एवं बाल-अनुकूल शिक्षा प्रणाली उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से समारोह में पधारे सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य सुधाकर सिंह, स्कूल समन्वयक नसीम अंसारी, समस्त शिक्षक, डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर अरुण सिंह सहित समस्त शिक्षक,अभिभावक एवं क्षेत्र के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।








