कौशाम्बी: पण्डित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत कार्यशाला आयोजित,जिलाध्यक्ष बोले कार्यकर्ता को तराशने की सतत प्रक्रिया है प्रशिक्षण,
यूपी के कौशाम्बी भाजपा जिला कार्यालय में पण्डित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के निमित्त आयोजित जिला कार्यशाला को मुख्य वक्ता जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य,जिला प्रभारी अवधेश चंद्र गुप्ता ने संबोधित किया एवं आगमी कार्यक्रमों के संदर्भ में विस्तृत जानकारी को साझा किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि आज हम सभी पण्डित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत पंडित दीनदयाल के संदेश व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण,संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण के मूलमंत्र के साथ हम सब एक अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व के निर्वहन हेतु यहां एकत्र हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है,पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है। प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं की क्षमता,दक्षता और वैचारिक मजबूती का विकास होता है। साथ ही प्रशिक्षण पार्टी की सतत प्रक्रिया और संगठन का अभिन्न अंग है। व्यक्ति निर्माण से ही सशक्त संगठन का निर्माण संभव है।
उन्होंने बताया कि पण्डित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन कार्यकर्ताओं के लिए प्रकाश स्तंभ है राष्ट्र प्रथम,एकात्म मानववाद,अन्त्योदय और अनेकता में एकता की अवधारणा पार्टी की मूल विचारधारा है, प्रशिक्षण कार्यशाला के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संस्थापक नेताओं के विचारों को आत्मसात करने की प्रेरणा मिलती है एवं संगठनात्मक एकजुटता को सुदृढ़ करेगा और आगमी दायित्वों के निर्वाहन में कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि कार्यशाला से कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त,अनुशासित और सेवा भाव से ओत प्रोत बनाने का माध्यम है,पण्डित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद भाजपा की राजनीति को सत्ता केंद्रित नहीं बल्कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति केंद्रित बनाता है। प्रशिक्षित और सक्रिय कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। यह महाअभियान केवल कार्यक्रम की श्रृंखला नहीं,बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की सतत प्रक्रिया है,जो संगठनात्मक और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा देगी।
इसी क्रम में जिला प्रभारी अवधेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि भारत वर्ष की महान और गौरवशाली संस्कृति को समय-समय पर अनेक महापुरूषों ने अपने चिंतन एवं दर्शन से समृद्ध किया है। ऐसे ही एक महान और आदर्श व्यक्तित्व हैं,पण्डित दीनदयाल उपाध्याय,जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मानव सेवा,समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित कर दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय आधुनिक भारत के एक संत तुल्य व्यक्तित्व थे। उनका सामाजिक,आर्थिक,दार्शनिक,आध्यात्मिक और राजनैतिक चिंतन,राष्ट्रवाद और सामाजिक समानता पर आधारित था।
इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक व जिला महामंत्री ब्रम्ह प्रसाद त्रिपाठी,सह संयोजक जितेंद्र साहू,ज्योति केसरवानी,शिवमूरत पासी,पूर्व जिलाध्यक्ष जयचंद मिश्रा,पुष्पा देवी,अनीता त्रिपाठी,जिला उपाध्यक्ष आशीष केसरवानी,चक्रेश मिश्रा,अरविंद द्विवेदी,अजय पाण्डेय, जिला महामंत्री संजय जायसवाल,नगर पालिका परिषद मंझनपुर अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज फौजी सहित मण्डल अध्यक्ष,मण्डल प्रभारी,जनप्रतिनिधि,मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहें।








