अबीर-गुलाल के साथ विद्यालय में मनाया गया होली मिलन कार्यक्रम,बच्चों ने की जमकर मस्ती

कौशाम्बी: अबीर-गुलाल के साथ विद्यालय में मनाया गया होली मिलन कार्यक्रम,बच्चों ने की जमकर मस्ती,

रंगों का पर्व होली बच्चों के लिए हमेशा से खास उत्साह और उमंग लेकर आता है। इसी उत्साह के बीच विकासखंड कड़ा के कंपोजिट विद्यालय सौंरई बुजुर्ग में विद्यार्थियों ने हर्षोल्लास के साथ होली मिलन कार्यक्रम मनाया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर रंग और गुलाल से सराबोर नजर आया व बच्चों के चेहरों पर खुशियां साफ झलक रही थीं।

विद्यालय के शिक्षक अजय कुमार व शिक्षिका राठौर शशि देवी की अगुवाई में छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को अबीर और गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। बच्चों ने म्यूजिक की धुन पर होली के गीतों पर नृत्य करते हुए उत्सव का आनंद लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के गले मिलकर आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश भी दिया।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रूपा साहू ने बच्चों को होली के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सद्भाव और आपसी एकता का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित और मर्यादित तरीके से होली मनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे परिसर में हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा। होली मिलन कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से बच्चों को गुजिया और मिठाई वितरित की गई, जिसे पाकर बच्चे बेहद खुश नजर आए।

इस तरह विद्यालय में मनाए गए होली उत्सव ने बच्चों को जहां आनंदित किया, वहीं उन्हें आपसी प्रेम, सद्भाव और मिलजुल कर त्योहार मनाने का संदेश भी दिया।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor