कौशाम्बी: सांसद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न,विकास कार्यों को लेकर दिए गए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी में सांसद पुष्पेंद्र सरोज की अध्यक्षता में उदयन सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई।
सांसद ने गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा के दौरान सभी अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं में लक्ष्य सापेक्ष प्रगति लाई जाय। जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराई जाय। उन्होंने प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि जिला खनिज फाउंडेशन न्यास निधि की बैठक शीघ्र आहूत किया जाय एवं बैठक में माननीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाय। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि निर्माणाधीन सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाए।
सांसद ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी,जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी व जिला प्रोबेशन अधिकारी से कहा कि कैम्प लगाकर प्रचार-प्रसार कराते हुए पेंशन योजना के लाभ से वंचित रह गए लोगों को लाभान्वित किया जाय। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान परियोजना अधिकारी ने कहा कि जनपद में आवास प्लस सर्वेक्षण के अंतर्गत 56202 लोगों को चिन्हित किया गया है व शासन से धनराशि प्राप्त होते ही पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाएगा, जिस पर मा.सांसद ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि आवास का लाभ दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति से पैसे लेने की शिकायत न प्राप्त होने पाए।
सांसद ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अन्तर्गत एकीकृत धान विकास कार्यक्रम, किसान पाठशाला, सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन व खेत तालाब योजना आदि की समीक्षा के दौरान उप कृषि निदेशक से कहा कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए,ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सके। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि इस योजना के अंतर्गत किए गए कार्यक्रमों का विवरण,उन्हें उपलब्ध कराई जाय। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा के दौरान सीएमओ से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक समय से उपस्थित होकर मरीजों को देखें।
सांसद ने सहायक अभियंता जल निगम से कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़कों को शीघ्र मोटरेबल करा दिया जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को राजकीय विद्यालय,पिंडरा सहावनपुर में विद्युतीकरण का कार्य कराए जाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि ट्रिपल आर. योजना के अंतर्गत लाभार्थियों का चयन कर प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जाए,जिससे आमजन को लाभ मिल सके। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी से कहा कि अवशेष रह गये पात्र लोगों को व्यक्तिगत शौचालय से लाभान्वित किया जाए एवं सामुदायिक शौचायलयों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करा लिया जाए।
बैठक में सुकन्या समृद्धि योजना की समीक्षा के दौरान एल.डी.एम. ने कहा कि जनपद में 25104 लाभार्थी है, जिस पर सांसद ने कहा कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए,ताकि अधिक से अधिक लाभान्वित हो सके।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि परम्परागत कृषि विकास योजना के अंतर्गत भौतिक लक्ष्य 1000 एकड़ के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति एवं 16000 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि किसान कॉल सेंटर के माध्यम से कृषक़ टोल फ्री नंबर 1551 पर दूरभाष द्वारा कृषि से संबंधित समस्याओं के निदान की जानकारी कृषि विशेषज्ञों से प्राप्त कर सकते है। बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश अटल भूजल योजना के अंतर्गत जनपद के क्रिटिकल एवं अतिदोहित विकासखंड चायल व मूरतगंज, प्रत्येक में 650 वर्ग मीटर रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली एवं एक-एक मध्यम गहरे पीजोमीटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिला पंचायतराज अधिकारी ने कहा कि समस्त ग्राम पंचायत सचिवालय में सी.एस.सी. केंद्र संचालन के लिए विभिन्न माध्यमों तथा वाई-फाई उपकरण से इंटरनेट को एक्सेस करते हुए जनसेवा केंद्र की सुविधाओं से आमजन को लाभान्वित किया जा रहा है। बैठक में नमामि गंगे की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिला गंगा समिति द्वारा स्वच्छता अभियान, घाट की साफ-सफाई, गंगा शपथ, गंगा आरती व स्कूल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। बैठक में प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि 30 अप्रैल,2026 तक शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।
बैठक में विधायक सिराथू पल्लवी पटेल,अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मंझनपुर वीरेन्द्र फौजी, अध्यक्ष नगर पंचायत दारानगर रागिनी केसरवानी सहित अन्य सदस्य तथा डीएम डॉ0 अमित पाल एवं एसपी राजेश कुमार व सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।








