डीएम ने 68 किसानों को कृषि निवेश अनुदान स्वीकृति प्रमाण पत्र किया वितरित, 48 ग्रामों के 2965 किसानों को कृषि निवेश अनुदान सीधे उनके खाते में जाएगा

कौशाम्बी,

डीएम ने 68 किसानों को कृषि निवेश अनुदान स्वीकृति प्रमाण पत्र किया वितरित, 48 ग्रामों के 2965 किसानों को कृषि निवेश अनुदान सीधे उनके खाते में जाएगा,

यूपी के कौशाम्बी डीएम सुजीत कुमार ने जिले में विगत दिनों गंगा एवं यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण हुई फसलों की क्षति से प्रभावित तहसील मंझनपुर के 44 एवं तहसील चायल के 24 किसानों को कृषि निवेश अनुदान-कुल रूपयें 179201 धनराशि की स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किया ।

जिले में कुल 48 ग्रामों के 2965 किसानों की फसलों की क्षति गंगा एवं यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण हुई है, जिसमें तहसील मंझनपुर के 2150 एवं तहसील चायल के 815 किसान शामिल है। प्रभावित किसानों को आनलाइन सहायता धनराशि सीधे उनके खाते में हस्तान्तरित की जा रही है।

डीएम ने कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के निदेशानुसार जनपद में गंगा एवं यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण प्रभावित लोगों को हर सम्भव मदद उपलब्ध कराई गयी तथा पात्र लोगों को आवास उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि फसलों की हुई क्षति का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को सहायता राशि दी जा रही है।

उन्होंने किसानों से कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत अगर प्रीमियम की धनराशि कट रही है तो फसल की क्षति के लिए क्लेम करें, बीमा कम्पनी द्वारा आर्थिक सहायता मिलेगी। उन्होंने किसानों से शासन द्वारा संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं से लाभवान्ति होने के साथ ही आस-पास के लोगों को भी जागरूक करने का आग्रह किया।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor