मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत कौशाम्बी में 548 जोड़ों का विवाह संपन्न,डीएम,एसपी,सांसद ने दिया आशीर्वाद

कौशाम्बी,

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत कौशाम्बी में 548 जोड़ों का विवाह संपन्न,डीएम,एसपी,सांसद ने दिया आशीर्वाद,

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना “मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना” के अन्तर्गत कौशाम्बी जिले के नवीन मण्डी समिति ओसा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 548 जोडे विवाह के बन्धन में बधें, जिसमें 03 जोड़े मुस्लिम समुदाय के भी शामिल रहे।

कौशाम्बी सांसद विनोद सोनकर,डीएम सुजीत कुमार,एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव एवं सीडीओ डॉ0 रवि किशोर त्रिवेदी ने नव जोड़ों को आर्शीवाद दिया एवं ईश्वर से सफल, सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की।

सासंद ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि इतने लम्बे सामाजिक एवं राजनैतिक जीवन में शादी का यह महाकुम्भ उन्हें कभी देखने को नहीं मिला, जिसे आज देखने का अवसर मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम को इतने भव्य तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि विवाह के बन्धन में बंधने वाले जिन परिवारों के घरों में शौचालय की सुविधा नहीं है, उन सभी की जॉच कराकर, उन्हें शौचालय की सुविधा उपलब्ध करायी जाय। इसके साथ ही साथ ऐसे परिवार, जिनके पास रहने के लिए घर नहीं है या कच्चा मकान है, उनको मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत रजिस्ट्रेशन कराकर, उन्हें आवास उपलब्ध करायी जाय।

उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में ऐसी सरकार है, जो बेटियों के जन्म से लेकर शिक्षा एंव विवाह तक चिन्ता कर अनेक कल्याणकारी योजनायें संचालित कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओ का नारा दिया था, जिसका परिणाम है कि लिंगानुपात में बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने कहा कि गरीब मॉ को अब अपनी बेटी के विवाह की चिंता करने की जरूरत नहीं है, प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत विवाह करा रही हैं। उन्होंने केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

समाज कल्याण अधिकारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत विवाहित जोड़ों को दाम्पत्य जीवन में खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना हेतु सहायता राशि के रूप में 35000 (पैतीस हजार) रूपये कन्या के खाते में अंतरित की जाती है तथा विवाहित जोड़ों को विवाह संस्कार के लिए आवश्यक सामग्री (कपडे़, विछिया, पायल, वर्तन) के लिए 10000 (दस हजार) रूपये दिया जाता है। प्रत्येक विवाहित जोड़े पर शादी व्यवस्था के लिए रूपये 06 हजार खर्च करने का प्रावधान है। इस प्रकार कुल 51 हजार रूपये प्रत्येक जोड़े पर व्यय किये जाने का प्राविधान है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor