यूपी के गोंडा में तेज रफ्तार बोलेरो बेकाबू होकर सरयू नहर में गिरी,हादसे में 11 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश,

यूपी के गोंडा में तेज रफ्तार बोलेरो बेकाबू होकर सरयू नहर में गिरी,हादसे में 11 लोगों की मौत,

यूपी के गोंडा में तेज रफ्तार बोलेरो बेकाबू होकर सरयू नहर में गिर गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें अधिकतर मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। बोलेरो में 15 लोग थे, 4 लोगो को शीशा तोड़कर स्थानीय लोगों ने बचा लिया। यह सभी जल चढ़ाने पृथ्वीनाथ मंदिर जा रहे थे।

हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो से एक भी शख्स खुद बाहर नहीं निकल पाया। बारिश के चलते नहर में लबालब पानी था। नहर में गिरते ही गाड़ी के गेट लॉक हो गए। कुछ ही सेकेंड में पूरी गाड़ी में पानी भर गया। अंदर बैठे लोग छटपटाते रहे। तड़प-तड़पकर उनकी मौत हो गई। जहां हादसा हुआ, वहां आसपास ग्रामीण थे। बोलेरो नहर में गिरती देख वह बचाने के लिए पानी में कूद गए। लेकिन, गाड़ी का गेट नहीं खोल पाए। कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी की खिड़की का शीशा तोड़कर 4 लोगों को बचाकर बाहर निकाला गया।

हादसा रविवार सुबह 10 बजे मोतीगंज थाना क्षेत्र में हुआ। 10 मिनट में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद प्रॉपर रेस्क्यू शुरू किया। कार के आगे के शीशे तोड़कर एक-एक को बाहर निकालकर सड़क पर लाया गया ।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त कार की स्पीड 60 किमी प्रति घंटे की थी। मृतकों में 6 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 बच्चे हैं। मृतकों में नायक कसौधन, काजल, विनम्र, रचना, सौम्या, शुभ, रामकरन, अमित, अंज वर्मा, सरजू, दुर्गेश नंदिनी शामिल है।

एक ग्रामीण ने बताया कि सभी मोतीगंज थाने के सिहा गांव के रहने वाले थे। बोलेरो में प्रह्लाद कसौधन का परिवार और उनके रिश्तेदार थे। हालांकि, वह नहीं थे। प्रह्लाद का गांव में मेवालाल माध्यमिक विद्यालय नाम से इंटर कॉलेज है। वह प्रबंधक हैं। सुबह साढ़े 9 बजे सभी मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। गांव से पृथ्वीनाथ मंदिर की 50 किमी है। गाड़ी से आधा सफर यानी 25 किमी पूरा कर लिया था।

एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली कि बोलेरो नहर में पलट गई है। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर लोगों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। चार लोगों को अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया गया है। मरने वालों को सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor