सपा नेता आजम खां की रिहाई पर मंझनपुर सपा कार्यालय में जश्न, कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाइयां

कौशाम्बी,

सपा नेता आजम खां की रिहाई पर मंझनपुर सपा कार्यालय में जश्न, कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाइयां,

यूपी के कौशाम्बी जिले में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व सांसद आज़म खां की जेल से रिहाई होने की खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। मंगलवार की शाम को मंझनपुर स्थित सपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।

करीब 23 माह से सीतापुर की जेल में बंद रहे आज़म खां को न्यायालय से जमानत मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए उनके प्रति आस्था और समर्थन जताया। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आज़म खां के चित्र पर लड्डू अर्पित कर उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।

सपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव ने कहा कि हमारे नेता आज़म साहब 23 महीने से जेल में थे। आज उनकी रिहाई हुई है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था और न्यायपालिका ने न्याय किया है। आज़म साहब जैसे वरिष्ठ और ईमानदार नेता को न्याय मिला है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं और पूरे जनपद में खुशी का माहौल है।

जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि आज़म खां की रिहाई से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। पार्टी अब और मजबूती से जनता की आवाज उठाने का काम करेगी।

इस अवसर पर मुख्य रूप से भैया लाल पाल, शाहनवाज अहमद, रईस अहमद, वेदपाल, अरुण चौधरी, दीपक दर्जी, आफताब शेख, हंसराज सरोज, सईदुल, शबीह हैदर उर्फ मीनू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor