कौशाम्बी: कौशाम्बी में SIR के बाद मतदाता सूची हुई प्रकाशित,सर्वे में 2 लाख 19 हजार 698 मतदाता के काटे गए नाम,
यूपी के कौशाम्बी जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अमित पाल ने अवगत कराया है कि अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत 04.11.2025 से 26.12.2025 तक की अवधि में बी0एल0ओ0 द्वारा गणना प्रपत्रों के एकत्रीकरण कार्य का समापन किया गया है।जिसके बाद जिले में अब जिले में कुल 10,01,094 मतदाता मतदाता सूची में शामिल है।
प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद जनपद में कुल मृतक मतदाताओं की संख्या 39830, अनुपस्थित मतदाताओं की संख्या 42606, शिफ्टेड मतदाताओं की संख्या 103481, डबल मतदाताओं की संख्या 30475 एवं अन्य मतदाताओं की संख्या 3306 कुल 219698 मतदाताओं के चिन्हांकन उपरान्त उनके नामों को हटाते हुए निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 06.01.2026 (मंगलवार) को जनपद स्तर पर, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय (तहसील) में सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा, प्रत्येक पदाभिहित स्थलों (मतदान केन्द्र) एवं मतदेय स्थलों पर सम्बन्धित बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा कर दिया गया है। मतदेय स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची जनसामान्य के अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनसामान्य को सूचित किया है कि वे आलेख्य प्रकाशन दिवस 06.01.2026 को प्रकाशित की गयी आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन मतदेय स्थलों पर कर सकते हैं। दावे और आपत्तिया 06.01.2026 (मंगलवार) से 06.02.2026 (शुक्रवार) तक प्राप्त की जायेंगी तथा उनका निस्तारण 27.02.2026 (शुक्रवार) तक किये जाने के लिए आयोग द्वारा समय-सीमा निर्धारित की गई है।
आयोग द्वारा 04 अर्हक तिथियां निर्धारित की गयी हैं। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि के दौरान यदि कोई मतदाता 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के अतिरिक्त 01 अप्रैल, 2026, 01 जुलाई, 2026 व 01 अक्टूबर, 2026 को अर्ह हो रहे हैं, तो ऐसे मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6 भरकर सम्बन्धित बूथ लेवल अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा कर सकतें है एवं नामावली से नाम अपमार्जित कराने के लिए फार्म-7 तथा निर्वाचक नामावली की किसी प्रविष्टि में संशोधन करने/मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन/दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन करने/निवास परिवर्तन हो जाने के संबंध में फार्म-8 एवं घोषणा पत्र भरकर सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराया जा सकता है।
मतदाता सूची में पंजीकरण कराने या किसी भी प्रकार की प्रविष्टि में संशोधन इत्यादि के लिए ऑनलाइन माध्यम से आयोग के ऐप ECINET mobile app एवं वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी फार्म-6, फार्म-7 व फार्म-8 घोषणा-पत्र सहित सबमिट किया जा सकता है।








