मकर संक्रांति पर गंगा और यमुना घाटों पर हजारों ने लगाई आस्था की डुबकी,पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

कौशाम्बी: मकर संक्रांति पर गंगा और यमुना घाटों पर हजारों ने लगाई आस्था की डुबकी,पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद,

यूपी में कौशाम्बी जिले में गुरुवार को मकर संक्रांति के अवसर पर विभिन्न गंगा और यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही जिले के गंगा और यमुना स्नान घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। भोर से ही स्नान के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह हल्की धूप निकलने के साथ ही घाटों पर लोगों की आवाजाही जारी रही।

जनपद के कड़ा स्थित कुबरी घाट, संदीपन घाट, पल्हाना घाट, बदनपुर घाट, ककराबाद घाट, सिहोरी घाट और फतेहपुर घाट सहित यमुना नदी के स्नान घाटों पर भारी भीड़ देखी गई। गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न घाटों पर पुलिस बल तैनात किया गया था।

वही प्रयागराज में लगे माघ मेले को देखते हुए श्रद्धालुओं के यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आने-जाने वाले मार्गों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी। इसका उद्देश्य बड़े वाहनों को स्नान घाटों के पास जाने से रोकना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना था।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एसपी राजेश कुमार, एएसपी राजेश कुमार सिंह, सीओ अभिषेक सिंह और यातायात सीओ सत्येन्द्र तिवारी ने देर रात बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने और सही मार्गदर्शन प्रदान करने की सलाह भी दी। कोखराज थाना सहित जनपद के अन्य थानों की पुलिस फोर्स भी देर रात से सुबह तक मुस्तैद दिखी।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor