बिजली विभाग की लापरवाही से हुई महिला की मौत पर पुलिस ने JE,SDO के खिलाफ मामला किया दर्ज

कौशाम्बी: बिजली विभाग की लापरवाही से हुई महिला की मौत पर पुलिस ने JE,SDO के खिलाफ मामला किया दर्ज,

यूपी के कौशाम्बी जिले में टूटे बिजली के तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई थी। मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने विद्युत उपखंड अधिकारी (SDO) और जूनियर इंजीनियर (JE) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना सराय अकिल थाना क्षेत्र के इमलीगांव में बुधवार को हुई थी। जहां के निवासी कुलदीप कुमार की पत्नी किरन देवी (30) खेत की ओर जा रही थी। रास्ते में वीरेंद्र प्रसाद मिश्रा के खेत की मेड़ पर एक हाईटेंशन विद्युत तार टूटकर गिरा हुआ था, जिसमें करंट दौड़ रहा था।किरन देवी जैसे ही तार के संपर्क में आईं, वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतका के पति कुलदीप कुमार ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया कि बिजली विभाग के SDO और JE की लापरवाही के चलते तार टूटा पड़ा था और शिकायत के बावजूद उसे हटाया नहीं गया,जिससे उनकी पत्नी की जान चली गई।

इस संबंध में ASP राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर सराय अकिल थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor