कौशाम्बी: पांच दिन से गायब सहायक अध्यापक (BLO) का यमुना में मिला शव,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में पांच दिन से गायब सहायक अध्यापक (BLO) का यमुना में शव मिलने से सनसनी मच गई,शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुटी हुई है।
मामला सराय अकिल थाना क्षेत्र का है जहा के धरमपुर कनैली निवासी कृष्ण बाबू वर्मा पुत्र राजाराम का सोमवार की सुबह यमुना नदी में शव मिला है। शव यमुना की बीच धारा में पत्थर (दरांती) में फंसा हुआ था।मृतक कृष्ण बाबू प्राथमिक विद्यालय कनैली में सहायक अध्यापक के रूप में तैनात थे और इन दिनों उनकी ड्यूटी SIR के कार्य में BLO के रूप में लगी थी।
मृतक की बबेटी मेघना के मुताबिक खुद की बीमारी व बहन की शादी की तैयारी के लिए अवकाश नहीं मिलने की वजह से उसके पिता पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन (अवसाद) में चल रहे थे। 25 फरवरी को घर से वह कनैली मतदाता पुनरीक्षण का कार्य करने की बात कहकर निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर बेटी ने सराय अकिल थाने में तहरीर दी थी। 26 फरवरी को पुलिस ने घटना को गुमशुदगी में दर्ज कर खोजबीन में जुटी हुई थी।
सोमवार को सराय अकिल थाना क्षेत्र के ही यमुना नदी के महिला घाट पर सोमवार की सुबह कृष्ण बाबू का शव मिला तो हड़कंप मच गया। पुलिस घटना को लेकर फिलहाल कुछ भी नहीं बोल रही है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक घर के इकलौते कमाने वाले थे। उनकी मझली बेटी की शादी मार्च महीने में तय थी।
पुलिस ने मृतक एक शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुटी हुई है।








