कौशाम्बी: अराजकतत्वों ने शिक्षक की कार पर लाठी,डंडे ,पत्थरों से हमला,कार के शीशे टूटे,शिक्षक घायल,
यूपी के कौशाम्बी जिले में शनिवार की दोपहर अराजकतत्वों द्वारा एक शिक्षक की कार पर पथराव करने का मामला सामने आया है। घटना में कार के शीशे चकनाचूर हो गए और शिक्षक के हाथ की उंगलियों में चोट आई। पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक कौशाम्बी बीआरसी में अंग्रेजी विषय के एआरपी कृष्ण प्रकाश सिंह शनिवार को सपोर्टिव सुपरविजन के लिए ब्लाक टिकरी मुजफ्फर प्राथमिक विद्यालय गए हुए थे। विद्यालय से वापस लौटते समय करीब दोपहर दो बजे सराय अकिल थाना क्षेत्र के सरायकिल स्थित रामलीला मैदान के पास कुछ अराजकतत्व अचानक उनकी कार के सामने आ गए।
एआरपी ने बताया कि आरोपितों ने अचानक डंडों और ईंट-पत्थरों से कार पर हमला शुरू कर दिया। जब तक एआरपी कुछ समझ पाते, तब तक कार के शीशे टूटकर बिखर गए। डंडों के प्रहार से कार की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान फेंकी गई ईंट का एक टुकड़ा उनके हाथ की उंगलियों में लग गया, जिससे उन्हें चोट आ गई।
घटना के बाद एआरपी ने सरायअकिल थाने पहुंचकर लिखित शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।








