कौशाम्बी: हाईवोल्टेज तार से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल जलकर राख,किसानों को हुआ लाखों का नुकसान,
यूपी के कौशाम्बी जिले में हाईवोल्टेज बिजली की तार की चिंगारी से गेहूं की कटी फसल में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई बीघा फसल जलकर राख हो गई। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
घटना मंझनपुर तहसील के सइबसा गांव की है जहा खेतों में कटी हुई गेहूं की फसल रखी हुई थी। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली की तार से निकली चिंगारी खेत में गिर गई, जिससे फसल में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और आसपास के लोग घबरा गए।आग की लपटें उठती देख गांव के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक करीब तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी।
इस आगजनी की घटना में किसान मंगल सरोज, बाके लाल लोधी और छोटे लाल लोधी की फसल को भारी नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।








