कौशाम्बी: खान निरीक्षक की टीम पर पर हमला करने वाले 4 आरोपी अरेस्ट,पेट्रोल पंप भी किया सीज़,
यूपी के कौशाम्बी जिले में अवैध बालू की गाड़ियों की चेकिंग कर रहे खान निरीक्षक और उनकी टीम पर हमला मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पिपरी थाना क्षेत्र के कसेंदा स्थित पेट्रोल पंप को भी सीज़ कर दिया गया है। साथ ही हमले में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है।
मामला पिपरी थाना क्षेत्र के कसेंदा पेट्रोल पंप का है जहा पर खनन विभाग की टीम पर हमला किया गया था। इस मामले में खान निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने 4 नामजद और कई अन्य पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल चार आरोपियों को सोमवार को अरेस्ट कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में बलवंत, मानसिंह, रवि सिंह और पवन कुमार शामिल हैं।
घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित पेट्रोल पंप को भी सीज़ कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।








