कौशाम्बी: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मिले नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज फौजी, विकास को लेकर की चर्चा,
यूपी के कौशाम्बी जनपद की राजनीति और विकास की दिशा में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे मंझनपुर नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज फौजी ने गुरुवार को लखनऊ स्थित 7, कालिदास मार्ग पर उत्तर प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने कौशाम्बी जिले के विकास कार्यों, नगर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और जनता से जुड़े अहम मुद्दों को मजबूती के साथ उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में नगर विकास, सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सफाई व्यवस्था तथा अन्य जनहितकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। वीरेंद्र सरोज फौजी ने स्पष्ट रूप से कहा कि मंझनपुर और पूरे कौशाम्बी के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और जनता की हर अपेक्षा को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है।
इन दिनों कौशाम्बी में वीरेंद्र सरोज फौजी लोगों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। उनकी सक्रियता, सरल व्यवहार, जनसंपर्क और विकास को लेकर गंभीरता ने उन्हें आम जनता के बीच एक अलग पहचान दिलाई है। नगर पालिका क्षेत्र में लगातार हो रहे प्रयासों और उच्च स्तर पर जनपद की आवाज उठाने के कारण लोगों में उनके प्रति विश्वास लगातार मजबूत होता जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वीरेंद्र सरोज फौजी सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे लखनऊ तक पहुंचकर कौशाम्बी की जरूरतों को सरकार के सामने मजबूती से रखने वाले जनप्रतिनिधि के रूप में उभर रहे हैं। यही कारण है कि उनकी सक्रियता अब जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
डिप्टी सीएम से हुई इस मुलाकात के बाद मंझनपुर नगर क्षेत्र और कौशाम्बी जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह वीरेंद्र सरोज फौजी लगातार प्रयास करते रहे तो आने वाले समय में नगर और जिले की तस्वीर बदल सकती है।








