मां बेल्हा देवी धाम के नाम से जाना जाएगा प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन,दो और स्टेशनों के बदले जायेंगे नाम

प्रतापगढ़,

मां बेल्हा देवी धाम के नाम से जाना जाएगा प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन,दो और स्टेशनों के बदले जायेंगे नाम,

यूपी के प्रतापगढ़ से भाजपा सांसद संगम लाल गुप्ता द्वारा दो साल पहले भेजे गए प्रस्ताव पर प्रतापगढ़ जंक्शन, अंतू और विश्वनाथगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की अनुमति गृह मंत्रालय ने स्वीकार कर ली है,जिसके बाद प्रतापगढ़ जंक्शन को अब मां बेल्हादेवी धाम, अंतू स्टेशन को मां चंद्रिकन देवी धाम और विश्वनाथगंज रेलवे स्टेशन को शनिदेव धाम नाम से जाना जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद प्रतापगढ़ जंक्शन सहित तीन रेलवे स्टेशन के नाम बदले जाने का पत्र जारी हो गया है। प्रतापगढ़ जंक्शन सहित तीन स्टेशनों के नाम बदलने पर सांसद संगम लाला गुप्ता ने खुशी जाहिर की है। प्रतापगढ़ सांसद संगम लाल गुप्ता ने प्रतापगढ़ जंक्शन, अंतू और विश्वनाथगंज रेलवे स्टेशन नाम बदलने का प्रस्ताव दो वर्ष पूर्व रेल मंत्रालय को भेजा था। पत्र के आधार पर स्टेशन का नाम बदलने की पूरी कार्यवाही की गई। जनपद में डेढ़ साल पहले रानीगंज के दांदूपुर स्टेशन का नाम मां बाराही धाम हो चुका है। अब गृह मंत्रालय ने तीन और स्टेशनों का नाम बदलने की अनुमति दी है।

जनपद में प्रतापगढ़ जंक्शन सहित चार स्टेशन ऐसे हैं, जो पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों के नाम से प्रसिद्ध हैं। इसमें प्रतापगढ़ जंक्शन के पास मां बेल्हादेवी धाम, अंतू स्टेशन के पास मां चंद्रिकन देवी धाम, विश्वनाथगंज रेलवे स्टेशन के पास शनिदेव धाम और पृथ्वीगंज रेलवे स्टेशन के समीप ऐतिहासिक हवाई अड्डा है। चारों स्थल जिले की पहचान हैं। ऐतिहासिक मंदिरों में जिले के साथ ही दूसरे कई अन्य जनपद के लोग भी दर्शन-पूजन करने के लिए आते हैं।इसके लिए सांसद संगम लाल गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्रालय का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन का नाम परिवर्तन जन आस्था से जुड़ा है। यह जनपद के पौराणिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत वाले स्थल हैं। पर्यटन के विकास में मील के पत्थर साबित होंगे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor