02 बंदोबस्त और 01 चकबंदी अधिकारी सहित 03 निलंबित,दो चकबंदी अधिकारी पदच्युत एवं दो के खिलाफ दर्ज हुई FIR

उत्तर प्रदेश,

02 बंदोबस्त और 01 चकबंदी अधिकारी सहित 03 निलंबित,दो चकबंदी अधिकारी पदच्युत एवं दो के खिलाफ दर्ज हुई FIR,

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेन्सी)

यूपी के मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार चकबन्दी विभाग को पारदर्शी तथा जन सामान्य के प्रति उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से चकबन्दी प्रक्रिया में गुणात्मक सुधार के दृष्टिगत अपर मुख्य सचिव, राजस्व, उत्तर प्रदेश शासन व चकबन्दी आयुक्त, उ. प्र. के समक्ष विगत गुरुवार को प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें निर्णय लेते हुए अपर मुख्य सचिव राजस्व ने निर्देशित किया कि चकबन्दी प्रक्रिया को पूरी तरह से कम्प्यूटरीकृत करते हुए इसके लिए कार्यदायी संस्था को चयनित तथा कम समय में पूरी पारदर्शिता एवं जन सहभागीदारी के साथ चकबन्दी कार्य पूर्ण किया जाए। वर्तमान में चकबन्दी में अपनाये जाने वाली प्रक्रिया को सहज, सरल व प्रक्रिया को न्यूनतम कर इसकी कमियों को दूर किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि चकबन्दी प्रक्रियाओं में व्याप्त व्यापक त्रुटियों/कमियों तकनीकी सहायकता के माध्यम से दूर कर सभी आकड़ों (क्ंजं) एवं भू-चित्र को ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाए। वहीं चकबन्दी आयुक्त ने निर्देशित किया कि उपरोक्त कार्य के लिए इच्छुक कम्पनियों को आमन्त्रित करते हुए उनके विचार ई-टेण्डर के माध्यम से नवीनतम तकनीक यथा ए0आई0/एम0एल0/ब्लाक चेन/ड्रोन रोवर आधारित सर्वेक्षण के आधार पर प्राप्त किया जाए और उसके आधार पर टेस्टिंग के रूप में एक-एक ग्राम आवंटित किया जाए। उक्त कार्य अपनी पूर्णावस्था में आ चुके हैं और सभी बिन्दुओं पर कार्य प्रारम्भ हो चुका है। अब चकबन्दी प्रक्रिया में लगने वाला समय तीन से पांच वर्ष से घट कर एक से डेढ़ वर्ष में होगा।

चकबंदी आयुक्त ने बताया कि इस दौरान चकबन्दी कार्यों की निरन्तर समीक्षा एवं अनुश्रवण से यह स्थिति स्पष्ट हुई कि कतिपय अधिकारी व कर्मचारी चकबन्दी कार्यों में शिथिलता बरत रहे हैं और उनके द्वारा मानक के अनुसार कार्य नहीं किया जा रहा है। इसी क्रम में बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी, बलिया अनिल कुमार व बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी, सीतापुर सन्तोष कुमार को निलम्बित कर विभागीय कार्यवाही किये जाने की संस्तुति शासन को प्रेषित की गयी है।

उन्होंने बताया कि चकबन्दी अधिकारी, मऊ अशफाक आलम अन्सारी को मानक के अनुसार कार्य न करने एवं शिथिलता बरतने के कारण निलम्बित कर विभागीय कार्यवाही संस्थित की गयी है। तत्कालीन चकबन्दी अधिकारी सम्प्रति सहायक चकबन्दी अधिकारी कामता प्रसाद को जनपद सिद्धार्थनगर के ग्राम गढावर में शासकीय भूमि को क्षति पहुंचाने के कारण विभागीय कार्यवाही संस्थित की गयी और आरोप सिद्ध हो जाने की दशा में उन्हें पदच्युत कर दिया गया।

इसी क्रम में चकबन्दी अधिकारी, अलीगढ़ बृजेश कुमार शर्मा व चकबन्दी अधिकारी महराजगंज ऐश मुहम्मद को चकबन्दी प्रक्रियाओं के दौरान गम्भीर अनियमितता करने के कारण उनके विरूद्ध सम्बन्धित जनपदों में प्रथम सूचना प्रतिवेदन भी अंकित कराया गया है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor