लड़ाकू टैंक पलटने से कौशाम्बी का आर्मी का जवान हरियाणा के हिसार में हुआ शहीद,आज गांव पहुंचेगा शहीद का शव

कौशाम्बी,

लड़ाकू टैंक पलटने से कौशाम्बी का आर्मी का जवान हरियाणा के हिसार में हुआ शहीद,आज गांव पहुंचेगा शहीद का शव,

यूपी के कौशाम्बी जिले का एक आर्मी जवान का हरियाणा के हिसार में लड़ाकू टैंक के नीचे दबाकर शहीद हो गया। शहादत की खबर घर आते ही कोहराम मच गया। शनिवार को शव पैतृक गांव लाया जाएगा। यहां पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

महेवाघाट थाना क्षेत्र के लौगावां गांव निवासी नरेश कुमार मिश्रा (42) पुत्र स्व. रामप्रकाश आर्मी में नायब सूबेदार के पद पर तैनात थे। इन दिनों उनकी तैनाती हरियाणा प्रांत के हिसार जिले में थी। गुरुवार शाम वह साथी जवानों के साथ लड़ाकू टैंक पर सवार होकर किसी मिशन पर जा रहे थे,तभी अचानक लड़ाकू टैंक अनियंत्रित होकर पलट गया, टैंक पलटने से उसमे दबकर पांच जवान शहीद हो गए। जिसमे कौशाम्बी के नरेश कुमार मिश्रा भी शामिल हैं।

सेना के अधिकारियों ने शहादत की खबर घर पर दी तो कोहराम मच गया। पीड़ित परिजनो को ढाढ़स बंधाने के लिए उनके घर पर पड़ोसियों व रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई। परिवार वालों ने बताया कि शनिवार को सेना के अधिकारी शव लेकर घर जाएंगे। यहां सलामी आदि की प्रक्रिया के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार की तैयारियां कर ली गई हैं।

शहीद नरेश कुमार मिश्रा अपने पीछे पत्नी प्रियंका और दो बेटों नितिन (15), आर्यन (13) को छोड़ गए हैं। इन सभी के आंसू थामे नहीं थम रहे हैं। शहीद जवान के परिजन हरियाणा में ही हैं, वह पार्थिव शरीर के साथ गांव आ रहे हैं।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor