अनुप्रिया पटेल सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनी गई अपना दल ( यस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश,

अनुप्रिया पटेल सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनी गई अपना दल ( यस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष,

राज्यस्तरीय पार्टी का ओहदा मिलने के बाद अपना दल (सोनेलाल) का पहला राष्ट्रीय अधि‌वेशन शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में संपन्न हुआ। अधिवेशन में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवम केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल फिर से निर्विरोध पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनी गईं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि 2024 की तैयारियों के लिए 24 घंटे मेहनत करें, पार्टी का ग्राफ लगातार और ऊंचा करना है।

अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए अनुप्रिया पटेल के अलावा और किसी ने नामांकन ही नहीं किया, जिससे वह पुनः नि‌र्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन ली गईं। अपने संबोधन में अनुप्रिया ने कहा “शेर की बेटी हूं पीछे नहीं हट सकती।” सामाजिक न्याय की विचारधारा की उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

मंच से उन्होंने एक बार फिर से केंद्र में पिछड़ा वर्ग मंत्रालय का गठन करने की आवाज उठाई।उन्होंने कहा कि पार्टी जिस तेजी से आगे बढ़ रही है आलोचना स्वाभाविक है। वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव में पार्टी दो सीटों पर लड़ी और दोनों जीती। 2017 विधानसभा चुनाव में 11 सीटों पर प्रत्याशी उतार पार्टी ने नौ विधायक बनाए। वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव में भी पार्टी दो सीटों पर लड़ी दोनों जीती। स्ट्राइक रेट 100 फीसदी रहा। वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव में 17 सीटों में से पार्टी को 12 पर जीत हासिल हुई।

उन्होंने कहा कि चुनाव दर चुनाव पार्टी का स्ट्राइक रेट बढ़ता जा रहा है। पार्टी का यह विस्तार स्व. सोनेलाल पटेल के सिपाहियों की मेहनत का परिणाम है।उन्होंने कहा कि अद (एस) का विस्तार देख सामाजिक न्याय के विरोधियों की पेट में दर्द होने लगा है। तमाम तरह के अनर्गल आरोप लगा कर बदनाम करने की साजिशें रची जा रही हैं। विरोधी विरोध करते हैं तो चलता है लेकिन जब अपने लोग ही विरोध करने लगते हैं तो अंदर से तकलीफ होती है।

उन्होंने कहा कि हमारे लोगों का कंधा इस्तेमाल कर पार्टी को कमजोर करने की साजिशें रची जा रही हैं। जब-जब पार्टी को कमजोर करने की कोशिश की गई, तब-तब पार्टी और मजबूती से उभरी है।अनुप्रिया पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी निकाय चुनाव भी लड़ेगी। अभी यह तय नहीं है कि निकाय चुनाव पार्टी भाजपा के साथ मिलकर लड़ेगी या नहीं, इस  पर बातचीत के बाद फैसला लिया जाएगा।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor