कौशाम्बी: कौशाम्बी में गौशाला का निर्माण करा रहे पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में शुक्रवार की देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पूर्व प्रधान बादाम सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
घटना पिपरी थाना क्षेत्र के औधन गाँव की है। बताया जा रहा है कि बादाम सिंह वर्ष 2010 से 2015 तक औधन गांव के प्रधान रह चुके थे। इन दिनों वह गांव के बाहर एक गौशाला का निर्माण करा रहे थे। शुक्रवार रात वह अपने साथी बुधराम के साथ उसी निर्माणाधीन गौशाला में ठहरे हुए थे। देर रात अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और बादाम सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इस हमले में उनके साथी बुधराम को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल बुधराम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि घटना से जुड़ी अहम जानकारी मिल सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस इलाके में छानबीन कर रही है और हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है।








