कौशाम्बी: पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष,एक युवक की मौत,
यूपी के कौशाम्बी ज़िले में पूरा रंजिश में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष ने पूरे गांव को दहला दिया। चरवा थाना क्षेत्र के बरियावा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जमकर हमला हुआ। इस हिंसक झड़प में 6 लोग घायल हो गए, जबकि पुनीत नाम के युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। सूचना मिलते ही एसपी सत्यनारायण प्रजापत जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर हाल जाना। इसके बाद एसपी ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं।
मामला चरवा थाना क्षेत्र के बरियावा गांव का है जहा 15 साल पुरानी रंजिश गुरुवार को खूनी संघर्ष में बदल गयी। कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया। राकेश कुमार ने गम्भीर आरोप लगाए है। उनका कहना है कि विपक्षी चंदिलाल अपने साथियों के साथ घात लगा कर हमला किया है। दोनों तरफ से लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस हमले में राम लाल ने चाकू से पुनीत पर कई वार किया। जिससे पुनीत गंभीर रूप से घायल हो गया, और अस्पताल ले जाते समय रस्ते में मौत हो गई। वहीं 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सत्यनारायण प्रजापत तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि यह पूरा मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है।
फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।








