राजस्थान,
क्या हुआ जब कलयुगी मां ने बेटे को जीवन देने के लिए अपनी बेटी की ही बलि दे दी,
राजस्थान के कोटा जिले के अंता इलाके में एक अनोखा मामला सामने आया है जहा एक कलयुगी मां ने अपने बेटे को जीवन देने के लिए अपनी ही बेटी की बलि दे दी।आरोपी मां ने अपनी ही 12 साल की बेटी का गला घोंटकर उसको मौत के घाट उतार दिया।घटना के बाद पुलिस ने आरोपी कलयुगी मां को अरेस्ट कर लिया है और जेल भेज दिया।
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी महिला रेखा ने चैकाने वाले खुलासे किए, जिसको सुनकर पुलिस भी चौंक गई। आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसको सपना आता था कि बडे बेटे को बचाना है तो किसी एक की बलि देनी होगी। इसके बाद महिला ने घटना को अंजाम दे दिया।
डीएसपी तरूण कांत सोमानी ने बताया कि महिला द्वारा अपनी ही बेटी की हत्या करने की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धता के आधार पर महिला रेखा से पुछताछ की तो सारा मामला आईने की तरह साफ हो गया। पुलिस ने बताया कि रेखा अपने पति और तीन बच्चों के साथ रहती है। आरोपी महिला का बडा बेटा निकेन्द्र है जिसके दिल में छेद होने की जानकारी मिली। साथ ही ये भी सामने आया कि आरोपी महिला अपने बडे बेटे से बहुत प्यार करती है। बेटे की तबियत को लेकर महिला काफी परेशान रहने लगी। ऐसे में उसको सपना आने लगा की एक की बलि दोगे तो बेटा ठीक हो जाएगा।
आरोपी महिला रेखा के पति शिवराज ने बताया कि पत्नी काफी दिनों से इतनी परेशान रहने लगी कि उसका मानसिक संतुलन भी बिगड़ने लगा था। ऐसे में कुछ दिन पहले महिला ने अपने पति शिवराज पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया था लेकिन समय रहते शिवराज की नींद खुलने से वो बच गया था। इसके बाद भी महिला के सिर पर अपने बेटे को बचाने के लिए किसी एक की बलि देने का भूत सवार हो गया था।
बताया जा रहा है महिला ने अपनी 12 साल की बेटी संजना और 7 वर्षीय छोटे बेटे सिंघम पर भी हमला किया था। लेकिन किसी तरह छोटा बेटा बच निकला लेकिन बेटी को मां ने पकड़ लिया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।








