कौशाम्बी: भवंस मेहता विद्याश्रम भरवारी में ज्ञान का अनमोल उपहार: प्रोफेसर आर. एन. गोयल की स्मृति में दान की गई 200 पुस्तकें,
यूपी के कौशाम्बी जिले के भवंस मेहता विद्याश्रम भरवारी के लिए सोमवार का दिन एक अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक दिन रहा। विद्यालय की शिक्षिका आकांक्षा गुप्ता ने अपने पूज्य गुरु, स्वर्गीय प्रोफेसर आर. एन. गोयल की स्मृति में विद्यालय पुस्तकालय हेतु 200 बहुमूल्य पुस्तकें प्रधानाचार्य बलैया गंगारबोइना को दान किया।समस्त पुस्तकें इंग्लिश लिटरेचर एवं कम्युनिकेशन तथा योगा जैसे विषयों पर आधारित हैं।
प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में बताया कि प्रोफेसर आर. एन. गोयल का जन्म वर्ष 1936 में हुआ था। उन्होंने मुंबई में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से अंग्रेज़ी साहित्य में बी.ए. और एम.ए. की डिग्री द्वितीय स्थान के साथ प्राप्त की।वर्ष 1961 में उन्होंने सी.एम.पी. डिग्री कॉलेज, इलाहाबाद में प्रवक्ता के रूप में सेवा प्रारंभ की और 30 वर्षों से अधिक समय तक हजारों छात्रों को शिक्षा प्रदान की। उनकी कक्षाएँ जीवंत, रोचक और प्रेरणादायक होती थीं। वे छात्रों के सर्वांगीण विकास में विश्वास रखते थे और खेलकूद, अनुशासन तथा स्वस्थ जीवन शैली पर विशेष जोर देते थे।
1994 में सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने दिसंबर 2025 तक शिक्षण कार्य जारी रखा। उनका प्रेरणादायक कथन था कि “मैं अंग्रेज़ी का छात्र हूँ, अभी भी सीख रहा हूँ।”उन्होंने तीन पीढ़ियों—पिता, पुत्र और पोते—को शिक्षा दी। उनके लिए सबसे बड़ी संपत्ति उनकी पुस्तकें थीं।आज वही अमूल्य पुस्तकें आकांक्षा गुप्ता के माध्यम से विद्यालय तक पहुँची हैं।
इस अवसर पर निदेशक संदीप सक्सेना, कोषाध्यक्ष डॉ. प्रशांत अग्रवाल तथा प्रधानाचार्य बलैया गंगारबोइना ने उनके इस महान योगदान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि इन पुस्तकों को सुरक्षित रखा जाएगा तथा छात्रों के अध्ययन में उनका उचित उपयोग किया जाएगा।प्रधानाचार्य एवं विद्यालय के शिक्षकों ने छात्रों से अपील की कि वे इन पुस्तकों का नियमित अध्ययन करें, अपनी अंग्रेज़ी पढ़ने, लिखने और बोलने की क्षमता विकसित करें तथा पुस्तकों का सम्मान करें।
इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य सुधाकर सिंह, स्कूल कोऑर्डिनेटर नसीम अंसारी, शिक्षक अवधेश मिश्रा सहित समस्त शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।








