कौशाम्बी में मतपेटिकाओं में कैद हुई अध्यक्ष पद के 144 और सदस्य पद के 1121 प्रत्याशियों की किस्मत

कौशाम्बी,

मतपेटिकाओं में कैद हुई अध्यक्ष पद के 144 और सदस्य पद के 1121 प्रत्याशियों की किस्मत,

यूपी के कौशाम्बी जिले में दो नगर पालिका एवं आठ नगर पंचायतों में पहले चरण का निकाय चुनाव शांतिपूर्ण एवम  सकुशल संपन्न हो गया। अध्यक्ष पद के 144 एवं पार्षद और सभासद पद के 1121 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटिकाओं में कैद हो गई। अब इनके भाग्य का फैसला आने वाली 13 मई को होगा।

कौशाम्बी जिले के 122 मतदान केंद्रों में 56.95 फ़ीसदी मतदान हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतपेटिकाओं को स्ट्रांग रूम में रखा दिया गया। स्ट्रांग रूम की निगहबानी के लिए आईटीबीपी के जवानों को तैनात किया गया है। डीएम एवं एसपी भारी फोर्स के साथ दिनभर मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे।

कौशाम्बी जिले की नगर पालिका भरवारी एवं मंझनपुर सहित नगर पंचायत अझुवा, दारानगर, सिराथू, पूरब पश्चिम सरीरा, करारी सरायअकिल, चायल एवं चरवा के मतदान केंद्रों में सुबह 7:00 बजे से ही वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। जिले में 122 मतदान केंद्र तो 302 बूथ बनाए गए थे। भरवारी नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के 14 एवं पार्षद पद के 229 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। वही मंझनपुर नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के 11 एवं पार्षद पद के 218 प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे थे। नगर पंचायत सिराथू में अध्यक्ष पद के 4, सभासद पद के 58 अझुवा में अध्यक्ष पद के 16, सभासद पद के 75, दारानगर कड़ा धाम में अध्यक्ष पद के 17, सभासद पद के 130, करारी में अध्यक्ष पद के 15, सदस्य पद के 69, सरायअकिल में अध्यक्ष पद के नौ, सभासद पद के भी 69, पूरब पश्चिम शरीरा में अध्यक्ष पद के आठ, सभासद पद के 141, चायल में अध्यक्ष पद के 19, सभासद पद के 36 और चरवा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के 31 एवं सभासद पद के 87 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।

जिले में दो लाख 76 हजार से अधिक मतदाताओं को अपने मतों का दान करना था। लेकिन शाम 6 बजे तक सिर्फ एक लाख 57 हजार लोगों ने वोटिंग प्रक्रिया में हिस्सा लिया। यानि सिर्फ 56.95 फीसदी ही मतदान हुए। यदि नगर पालिका एवं नगर पंचायतवार वोटिंग प्रतिशत की बात करें तो भरवारी नगर पालिका में 54.83 फ़ीसदी, मंझनपुर में 56.88 फ़ीसदी, अझुवा में 68.36 फ़ीसदी, दारानगर कड़ा धाम में 54.71 फ़ीसदी, सिराथू में 69.56 प्रतिशत, करारी में 60.27 प्रतिशत, सरायअकिल में 54.43 प्रतिशत, पूरब पश्चिम सरीरा में 52.40 फ़ीसदी, चरवा में 56.71 फ़ीसदी और चायल में 61.31 फ़ीसदी मतदान हुआ।

निकाय चुनाव सकुशल संपन्न हो इसके लिए आठ क्षेत्राधिकारी, आइटीबीपी की एक कंपनी, पीएसी की तीन कंपनी, 359 सब इंस्पेक्टर, 979 हेड कांस्टेबल एवं 612 होमगार्ड लगाए गए थे। इसके अलावा प्रयागराज जोन एडीजी भानु भास्कर ने भी मतदान केंद्रों का जायजा लिया। इतना ही नहीं स्वयं डीएम एवं एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव दल बल के साथ मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे। जिले की प्रत्येक नगर पालिका एवं नगर पंचायत में एक एक पिंक बूथ (सखी बूथ) बनाए गए थे।

जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि जनपद कौशांबी में आज निकाय चुनाव कराए गए। सुबह से ही लोगों ने मतदान केंद्र पहुंच कर वोट किया है। चुनाव सकुशल संपन्न हुए हैं। अधिकांश जगह पर सीलिंग की कार्रवाई कर बक्सों का स्ट्रांग रूम में रखवाया जा रहा। कुछ बसें अभी रास्ते में हैं। कुल मिलाकर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो गया है। सीसीटीवी की निगरानी में मतपेटिकाओं को स्ट्रांग रूम में रखवाया जा रहा। 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी रहेगी।

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor